सराफा व्यापारी पुत्र को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली : जेबरात से भरा बैग छीनकर भागे, गंभीर हालत में घायल ग्वालियर रेफर

Datia news : दतिया। अपनी ज्वेलर्स की दुकान बंद कर घर लौट रहे सराफा व्यापारी पुत्र को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। इस दौरान बदमाश युवक के हाथ से जेबरात से भरा थैला भी लूट ले गए। घटना के समय युवक के साथ उसके पिता भी थे। जिन्होंने आसपास मदद मांगकर किसी तरह बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद बदमाश बाइक दौड़ाकर भाग निकले।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जहां आसपास छानबीन की गई। वहीं घायल की हालत नाजुक होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के आनंद टाकीज रोड पर गुरुवार रात वैभव पुत्र मुकेश सोनी निवासी दांतरे की नरिया अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद कर पिता के साथ वापिस घर लौट रहा था।

इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने पिता पुत्र को घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने वैभव से जेबरात से भरा बैग छीनने की कोशिश की। जब वैभव ने उनका मुकाबला किया तो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली वैभव के सीने में जा लगी। जिसके बाद बदमाश बैग छीनकर भाग निकले। लूटे गए बैग में रुपये व जेबरात थे।

सीने में गोली लगने से वैभव गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में युवक को आसपास के लोगों ने तत्काल जिला अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को ग्वालियर रेफर कर दिया है।

इस घटना में युवक के पिता को भी चोटें आई है। बताया जाता है कि बदमाश पिता पुत्र का पीछा कर रहे थे। जिन्होंने आनंद टाकीज रोड पर सुनसान देखते ही घटना को अंजाम दे डाला।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी प्रदीप शर्मा, एसडीओपी प्रियंका मिश्रा सहित कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। लूटपाट करने वाले बदमाशों की घेराबंदी के लिए पुलिस ने नाकाबंदी की है। बैग में दस लाख से अधिक के जेबरात होने की जानकारी मिली है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter