Datia news : दतिया । शहर के राजघाट कॉलोनी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव पुलिस ने बरामद किया है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हत्या की घटना के बाद राजघाट कॉलोनी में सनसनी फैल गई।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक पत्थर से कुचल कर युवक की हत्या की गई है। शव के ऊपर एक बड़ा पत्थर पड़ा मिला है। साथ ही मृतक अपने हाथ में बेल्ट पकड़े हुए।
कालोनी वासियों ने सुबह सूचना दी थी कि बीच रास्ते में एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ है । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर उसे पीएम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान नरेश पाल के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक मृतक नरेश पाल को शराब विक्रेता ठाकुर कुशवाहा और खत्री पाल के साथ देखा गया था। जिन पर मृतक के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि विवाद से पहले आरोपितों ने मृतक के साथ में बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान शराब के नशे में उक्त लोगों के बीच विवाद हो गया था।
रास्ते में शव पड़ा देख घबराए लोग : सुबह के समय जब लोग बाजार के लिए निकले तो कॉलोनी के बीच रास्ते में पड़े शव को देखकर दहशत में आ गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस बारे में पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली टीआई विजय सिंह तोमर ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर प्रारंभिक जांच प्रक्रिया पूरी कराई गई।


