Datia news : दतिया। उनाव थाना क्षेत्र में गैंगरेप का मामला शनिवार को दिनभर छाया रहा। इसे लेकर जहां कस्बे में तमाम तरह की चर्चाएं हैं। वहीं पीड़िता की नाबालिग छोटी बहन की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपित युवकों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपितों में भाजपा के मंडल अध्यक्ष का पुत्र भी शामिल हैं। वहीं घटना के बाद जान देने की कोशिश करने वाली पीड़िता को उपचार के बाद झांसी से वापिस लाकर दतिया जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। जहां पुलिस उसके बयान लेने के प्रयास में जुटी है।
अपनी छोटी बहन के साथ स्कूल से घर लौट रही युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना उनाव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को घटित हुई। दुष्कर्म की शिकार युवती ने अपने घर पहुंचकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की। तभी स्वजन ने समय रहते उसे देख लिया और उपचार के लिए झांसी लेकर पहुंचे।
इधर घटना को लेकर पीड़िता के स्वजन और स्थानीय लोगों ने थाने पहुंचकर रात में विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपितों के विरुद्ध दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर घटना के तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अभी फरार बताया जाता है।
छोटी बहन ने दर्ज कराया मामला : इस घटना के संबंध में पीड़िता की छोटी बहन द्वारा कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक वह अपनी बड़ी बहन के साथ हायर सेकंडरी स्कूल से वापिस घर लौट रही थी, तभी आरोपित उन्हें रामकिशोर यादव के घर खींचकर ले गए। यहां उक्त आरोपितों ने नाबालिग से छेड़खानी की, वहीं बड़ी बहन को कमरे में ले गए।

जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद घर लौटने पर पीड़िता ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसके बाद छोटी बहन ने परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में जानकारी दी।
आत्महत्या का प्रयास करने वाली युवती को तत्काल परिवार के लोग झांसी लेकर पहुंचे जहां उसका उपचार किया गया। वहां हालत में सुधार आने पर शनिवार दोपहर युवती को जिला अस्पताल दतिया लाकर यहां आईसीयू में भर्ती कराया गया।
इस घटना में नामजद आरोपितों पर पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अमन अभी फरार है।