Datia news : दतिया । आजादी की 77वीं सालगिरह पूरे जिले में हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाई गई। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह प्रदेश के गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा के मुख्य अतिथि में पुलिस लाईन ग्राउंड दतिया में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर गृहमंत्री ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड़ की सलामी ली।
इस मौके पर राष्ट्रगान, मप्र गान के बाद पुलिस जवानों ने हर्ष फायर भी किए। गृहमंत्री ने समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों तथा कारगिल के युद्ध में शहीद हुए जिले के जवानों के स्वजन को शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने सुबह 9 बजे पुलिस लाईन ग्राउंड पहुंचकर ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत उन्होंने संयुक्त परेड़ का निरीक्षण कर सलामी ली। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वतंत्रता दिवस के संदेश का वाचन किया। इसके बाद अनेकता में एकता के प्रतीक रंग, बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े।
गृहमंत्री ने इस मौके पर स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित संयुक्त परेड़ में भाग लेने वाली विभिन्न टुकड़ियों के कमांडरों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान कलेक्टर संदीप माकिन, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा मौजूद रहे। संयुक्त परेड़ का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी ने किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित संयुक्त परेड़ में 29वीं बटालियन, एसएफ, पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउड एवं गाईड, शौर्यादल एवं पुलिस बैंड की टुकड़ी ने भाग लिया। जिसमें उत्कृष्ट एवं आकर्षक परेड़ के लिए सशस्त्र बल में 29वीं वटालियन एसएएफ को प्रथम स्थान, जिला पुलिस बल को द्वितीय और नगर सेना को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। जबकि निशस्त्र बल मेें शौर्यादल की टुकड़ी को प्रथम, जिला गाईड को द्वितीय और उ.मा. विद्यालय क्रमांक 2 की एनसीसी एवं जिला स्काउट की टुकड़ी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम ने बांधा समां : नगर की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। जिसमें सरस्वती विद्या मंदिर को प्रथम, जवाहर नवोदय विद्यालय को द्वितीय और केन्द्रीय विद्यालय दतिया को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। समारोह में लोकतंत्र सेनानी के रूप में नाहर सिंह यादव, पंकज शुक्ला पुत्र सुधाकर शुक्ला, चंद्रप्रभा श्रीवास्तव पति स्व. हरिहर निवास श्रीवास्तव, रामश्री दांगी पत्नि तुलसीराम दांगी और कारगिल शहीद स्व. अशोक वर्मा की पत्नि सोमती वर्मा को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को भी सम्मानित किया गया।

विशिष्ट जन रहे मौजूद : कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रदीप अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया, जिला पंचायत दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष लशकरी, नगर पालिका दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश सक्सेना, जनपद पंचायत दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि बृजेश यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकारगण, शिक्षण संस्थाओं के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर-एसपी ने स्कूली बच्चों के साथ किया विशेष भोज : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी शिक्षण संस्थाओं में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रूचिकर भोज का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय हाथीखाना दतिया में आयोजित विशेष भोज में कलेक्टर संदीप माकिन, एसपी प्रदीप शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम दतिया ऋषि कुमार सिंघई, जिला शिक्षा अधिकारी यूएन मिश्रा, डीपीसी महेन्द्र सिकरवार, संस्था के प्राचार्य एवं शिक्षक, शिक्षिकाओं तथा विद्यार्थियों ने विशेष भोज में भाग लिया।

सरकारी कार्यालयों पर हुआ ध्वजारोहण : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराया गया। कलेक्टर संदीप माकिन ने संयुक्त जिला कार्यालय दतिया़ पर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर होमगार्ड के जवानों ने सलामी दी। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान भी गया। कलेक्टर ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने एसपी कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान भी गाया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी आदि उपस्थित थे।


