Datia news : दतिया। घर में खेल रहा बेटा अचानक पड़ौसी के घर पहुंच गया। इस दौरान उसकी मां घर का कामकाज कर रही थी। इसी बीच घर में जब बेटा नहीं मिला तो वह उसे तलाश करती पड़ौसी के घर पहुंच गई। जहां बेटा मिला गया। जब वह उसे लेकर वापिस लौटने लगी तभी पड़ौसी की नियत डोल गई और उसने महिला के साथ जबरदस्ती शुरू कर दी।
महिला ने भागने की कोशिश की तो उसने घर के दरवाजे बंद कर दिए और महिला के साथ दुष्कर्म कर डाला। घटना के संबंध में पुलिस में पीड़िता ने मामला दर्ज कराया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुट गई है।
बड़ौनी थाने में दुष्कर्म पीड़िता ने घटना के 15 दिन बाद आरोपित के विरुद्ध पुलिस में मामला दर्ज कराया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला गत 14 अगस्त को अपने चार वर्षीय बेटे को लेने पड़ौस के युवक के घर गई थी।
इसी दौरान पड़ौसी विकास ने अपने घर का दरवाजा बंद कर दिया और महिला का मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके बच्चे को मार देने की धमकी भी दी। इस डर में पीड़िता ने पहले तो यह बात किसी को नहीं बताई, लेकिन कुछ दिन बाद इसकी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपित अभी फरार है उसकी तलाश की जा रही है।
फरार स्थाई वारंटी किया गिरफ्तार : थरेट पुलिस ने स्थाई वारंटी प्रदीप श्रीवास्तव पुत्र मुरारी लाल निवासी ग्राम परसौंदा गुर्जर को 29 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर भांडेर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। उक्त वारंटी तीन वर्ष से फरार चल रहा था। इस कार्रवाई में थरेट थाना प्रभारी यादवेंद्र सिंह गुर्जर, एएसआई प्रेम सिंह इंदोरिया, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, विमल छारी, रवि कुमार की भूमिका रही।
