रात के अंधेरे में गांजे की बोरियां ले जाते दो तस्कर पकड़े गए : मादक पदार्थ झांसी ले जा रहे थे बदमाश, पुलिस ने दबोचा

Datia news : दतिया। उप्र से गांजा लेकर आ रहे दो अंतरराज्यीय तस्कर सरसई पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो लाख से ज्यादा का गांजा बरामद किया है। तस्कर रात के अंधेरे में बोरियों में भरकर गांजा झांसी ले जाने की फिराक में थे। भांडेर की सरसई थाना क्षेत्र सीमा पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को सरसई पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बोरियों में भरा दो लाख 42 हजार का 12 किलो गांजा बरामद किया है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए एसपी प्रदीप शर्मा ने सभी थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के निर्देश दे रखे हैं। इसीके चलते लगातार कार्रवाई की जा रही है।

धरपकड़ के संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सरसई रिपुदमन सिंह राजावत ने बताया कि आरपीएफ उप निरीक्षक रवींद्र सिंह एवं उनकी टीम को डबरा स्टेशन पर 31 अगस्त को चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति डबरा स्टेशन से दतिया-सरसई के रास्ते झांसी में गांजा की खेप खपाने की फिराक में निकले हैं।

उक्त सूचना पुलिस सक्रिय हुई। इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर उनसे भी मार्गदर्शन लिया गया। जिसके बाद तस्करों की घेराबंदी की गई।

यात्री प्रतिक्षालय के पास पकड़े गए बदमाश : इसी बीच दो व्यक्ति यात्री प्रतीक्षालय भांडेर-सरसई रोड स्थित प्यावल के पास हाथ में बोरी लिए जाते दिखे। जिन्होंने पुलिस को देखकर भागने का भी प्रयास किया। लेकिन उन्हें घेरकर पकड़ लिया गया। पुलिस ने जब बोरियों की तलाशी ली तो एक में पांच किलो एवं दूसरी बोरी में सात किलो कुल 12 किलो मादक पदार्थ गांजा निकला। जिसकी बाजार कीमत दो लाख 40 हजार रुपये आंकी गई।

आरोपितों के नाम लेखराज और रोहताश निवासीगण ग्राम बरौनी, थाना छाता, जिला मथुरा उप्र बताए गए हैं। जिनसे गांजा जप्त कर दोनों तस्करों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट का मामला पंजीबद्ध कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।

इस धरपकड़ में थाना प्रभारी सरसई रिपुदमन सिंह राजावत के अलावा एएसआई रमेशचंद्र उज्जैनिया, प्रआर सुनील दुबे, विवेक दुबे, दीपक यादव, नीलेश उपाध्याय की भूमिका रही।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter