रेंडा गोलीकांड के मुख्य आरोपितों ने किया सरेंडर : अभी तक दस आरोपित गिरफ्तार, फरारों पर 20-20 हजार का इनाम

Datia news : दतिया । रेंड़ा में हुए सामूहिक नरसंहार के अभी भी 21 आरोपित फरार हैं। जिन पर पुलिस अधिकारियों ने 20-20 हजार का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दविश दी जा रही है। आसपास के अन्य गांवों में भी पुलिस ने पहुंचकर वहां आरोपितों की तलाश की।

फिलहाल संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें दौड़ रही हैं। इधर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा लगातार रेंड़ा पहुंचकर वहां की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

दो आरोपितों ने किया सरेंडर : सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम रेंडा में हुए सामूहिक नरसंहार के मामले में दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपित पुलिस गिरफ्त में आए हैं। इनमें से दो आरोपितों ने शुक्रवार को स्वयं ही एसपी आफिस में पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

इस हत्याकांड के फरार आरोपितों पर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से 20-20 हजार रुपये के इनाम भी घोषित किए गए हैं। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में दविश दे रही है।

तीसरे दिन भी गांव में डटी रही पुलिस : घटना के तीसरे दिन भी गांव में पुलिस की कड़ी निगरानी रही। एसपी प्रदीप शर्मा ने भी सुबह पहुंचकर वहां का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। एसपी शर्मा लगातार यहां नजर बनाए हुए हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस प्रकरण में पकड़े गए आरोपितों के नाम मुकेश पाल, गिरवर पाल, फूल सिंह पाल, रामेश्वर पाल, विशुन्नाथ पाल, प्रीतम पाल, सुंदर सिंह दांगी, राममिलन दांगी, सौरभ दांगी, अरविंद दांगी बताए हैं। इनमें छह पाल और चार दांगी पक्ष के आरोपित शामिल हैं।

आरोपितों से घटना में प्रयुक्त 12 बोर की इकनली बंदूक, एक 315 बोर का देशी कट्टा, एक लोहे का धारदार बका, एक 315 बोर की अधिया, एक 12 बोर की अधिया, एक 315 बोर की टूटी हुई बंदूक सहित कारतूस एवं एक लाठी को जप्त किया गया है।

घटना के आठ आरोपितों की पुलिस ने गुरुवार को ही गिरफ्तारी बताई थी। जबकि दो आरोपित अरविंद उर्फ भाई साहब पुत्र रघुवीर दांगी निवासी खिरियानाई एवं प्रीतम पुत्र पट्टू पाल निवासी रेंडा स्वयं हाजिर हो गए। इन सभी दस आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। वहीं गांव में घटना के बाद से ही सन्नाटा पसरा हुआ है। बता दें कि गत बुधवार को मवेशी भगाने के विवाद को लेकर दांगी और पाल समाज के लोगों के बीच हुए गोलीकांड में पांच लोगों की मौत हो गई थी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!