नाराज कर्मचारी बोले हमारे ऊपर चला दो जेसीबी : सफाई में रोड़ा अटकाने लगे हड़ताली, नपा हुई बेबस

Datia news : दतिया। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब पूरे शहर में नजर आने लगा है। चारों तरफ लगे कचरों के ढेर से नगर की साफ सफाई बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। वहीं सफाई कर्मचारी नगर पालिका को अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं से सफाई नहीं करने दे रहे। इसका नजारा मंगलवार को राजघाट तिराहे पर नजर आया। जहां सफाई के लिए पहुंची जेसीबी को हड़ताली कर्मचारियों के विरोध के कारण वापिस लौटना पड़ा। कर्मचारियों की जिद के कारण कचरे के ढेर साफ नहीं हो सके।

नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की चौथे दिन भी हड़ताल जारी। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से शहर में चारों तरफ कचरों के अंबार लगने लगे हैं। जगह-जगह लगे कचरे के ढेर पर आवारा मवेशियों का झुंड मुख्य मार्गों पर आवागमन भी प्रभावित करने लगे हैं।

जेसीबी को लौटना पड़ा वापिस : मंगलवार को राजघाट तिराहे चौराहे पर सफाई के लिए नगर पालिका ने जेसीबी भेजी। इस बात की खबर जैसे ही हड़ताली सफाई कर्मचारियों को लगी तो वह चौराहे पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने कचरा सफाई का विरोध शुरू कर दिया। जब जेसीबी आगे बढ़ी तो सफाई कर्मचारी कचरे के ढेर पर मशीन के सामने ही लेट गए और हंगामा मचाने लगे। सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर नारे भी लगाए। कुछ देर हंगामा होने के बाद जब सफाई कर्मचारी वहां से नहीं हटे तो जेसीबी को ही वापिस लौटना पड़ा।

Banner Ad

बता दें कि गत 30 सितंबर को नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नियमितीकरण सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए थे। इसके बाद से शहर में सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई। सभी मुख्य मार्गाें सहित गली मोहल्लों में कचरों का ढेर बढ़ने लगा है। नगर पालिका प्रशासन की ओर से भी सफाई कर्मचारियों को काम पर वापिस लौटने की समझाइश भी दी गई। लेकिन वह नहीं मानें।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter