Datia news : दतिया। चुनाव के दौरान लगी आचार संहिता में नगदी और जेबरात जप्ती की कार्रवाईयां लगातार जारी है। मंगलवार शाम राजगढ़ चौराहे पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बैग में चांदी के जेबरात लेकर जा रहे सराफा व्यवसाई को रोक लिया। इस दौरान पुलिस ने चांदी जेबरात से भरा बैग अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार इंदरगढ़ से विशाल अग्रवाल पुत्र मनोज अग्रवाल निवासी छोटा बाजार बैग में चांदी के जेबरात और नगदी लेकर दतिया अपने घर जा रहा था। तभी पुलिस की नजर उसके बैग पर पड़ी और उसे रोक लिया गया। बैग की तलाशी के दौरान उसमें चांदी के जेबरात मिले। जिसके बारे में पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी।
सराफा कारोबारी युवक ने पुलिस को काफी समझाने की कोशिश की। लेकिन पुलिस नहीं मानी। जिसके बाद युवक ने चांदी के जेबरात संबंधी कागजात मंगाए।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान चौराहे पर आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी।
गोराघाट में कार से मिली नगदी : इधर गोराघाट पुलिस ने ग्वालियर जिले की सीमा पर वाहन चेकिंग के दौरान एसएसटी टीम के साथ मिलकर एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसकी तलाशी ली।
इस दौरान कार क्रमांक एमपी07 जेडएफ 1470 में सवार सोनू यादव पुत्र हाकिम सिंह यादव निवासी बड़ागांव ग्वालियर के कब्जे से पांच लाख 20 हजार की नगदी जप्त की गई। रुपयों के संबंध में संबंधित सोनू यादव द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया।
जिसके बाद एसएसटी टीम द्वारा उक्त राशि मौके पर जप्त कर विधिवत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में गोराघाट थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा, एएसआई भूपेंद्र सिंह जाट, बलबीर सिंह एएसआई आदि की भूमिका रही।


