Datia news : दतिया । बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमीपर्व धूमधाम से मनाया गया। सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र दशहरा चल समारोह रहा। दतिया में मंगलवार शाम को दशहरा चल समारोह गोविंद गंज से आरंभ हुआ। बैंड बाजे और डीजे के बीच आकर्षक झांकियाें के साथ चल समारोह शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ स्टेडियम पहुंचा।
स्टेडियम में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। इस बार 70 फीट के रावण का पुतला तैयार किया गया था। इसके साथ ही मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन हुआ।
बड़ौनी व भांडेर में भी दशहरा महाेत्सव मनाया गया। बड़ौनी में दशहरा चल समारोह पाताली सरकार से शुरु हुआ। जो मंडी प्रांगण पहुंचा। जहां रावण दहन किया गया।
भांडेर में आयोजन स्थल मेला मैदान में दशहरा उत्सव मना। यहां कुम्भकर्ण का 20 फीट, मेघनाद का 25 फीट तथा रावण का 30 फीट का पुतला दहन किया गया।
इससे पहले शाम छह बजे मेला मैदान से चल समारोह नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। रात्रि नौ बजे के बाद इन पुतलों का दहन किया गया। सेवढ़ा, इंदरगढ़, बसई में भी दशहरा मनाया गया। वहीं दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया गया।

आतिशबाजी के बाद हुआ रावण दहन : दशहरा महोत्सव के दौरान स्टेडियम में जोरदार आतिशबाजी का आयोजन हुआ। स्टेडियम में करीब डेढ़ घंटे तक आतिशबाजी की गई। रावण दहन से पहले आतिशबाजी प्रारंभ हुई।
जिसमें रंग बिरंगी आतिशी रोशनी के बीच चंद्रयान की छवि के साथ, तिरंगा, फूलों की बरसात सहित अन्य आकृति भी नजर आई जो आकर्षण का केंद्र रही। इसके बाद 70 फीट के रावण सहित कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया।
दशहरा महोत्सव देखने के लिए स्टेडियम में काफी भीड़भाड़ रही। स्टेडियम के तीन दरवाजों का उपयोग आमजन को प्रवेश देने के लिए किया गया।