कट्टे की नाेंक पर राजीनामा करने पहुंचा दुष्कर्म आरोपित : गोली मारकर हुआ फरार, पुलिस ने पकड़ा

Datia news : दतिया। कट्टे की नाेंक पर राजीनामा करने की धमकी देने वाले युवक की जब बात नहीं बनी तो उसने गुस्से में आकर पीड़ित महिला को गोली मार दी। इस घटना में गोली लगने से पीड़िता गंभीर रूप घायल हो गई। जिसे आसपास के लोगों ने किसी तरह अस्पताल पहुंचाया।

जहां से उसे उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। वहीं इस बीच मौका देखकर हमलावर युवक भाग निकला। घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की।

जानकारी के अनुसार स्थानीय बक्सी के हनुमान मंदिर के पास स्थित मकान में रहने वाली पीड़ित महिला के यहां गत दिवस आरोपित बृजेश रायकवार दुष्कर्म के मामले में राजीनामे की पेशकश लेकर पहुंचा।

महिला उस समय अपने घर में काम कर रही थी। आरोपित को देखकर वह नाराज हुई और उसे घर से बाहर निकल जाने को कहा। इस बात से बृजेश भी गुस्से में आ गया और उसने कट्टा निकालकर दो फायर महिला पर झोंक दिए। फायरिंग में महिला के पेट और पैर में गोलियां लगी। घटना के बाद बृजेश भाग निकला।

बड़ौनी तिराहे से पकड़ा गया आरोपित : इधर घटना के बाद से ही पुलिस आरोपित की तलाश में थी। लगातार खोजबीन के बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि आरोपित बड़ौनी तिराहे पर घूम रहा है।

जो भागने की फिराक में है। पुलिस ने तत्काल मौके पर दविश दी और बृजेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से एक कट्टा और कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter