Datia News : दतिया। दिल्ली से टीकमगढ़ जा रही वीडियो काेच बस दतिया में हाइवे पर बेकाबू होकर शुक्रवार अलसुबह पलट गई। हादसा बस का अगला टायर फट जाने के कारण घटित हुआ। इस दौरान बस अनियंत्रित हो गई और पास बनी खंती में जाकर पलट गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। जो बस से बाहर निकालने के लिए मदद के लिए आवाज भी लगा रहे थे।
हादसे की सूचना हाइवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने पुलिस तक पहुंचाई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को बस से सुरक्षित निकलवाकर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने क्रेन मंगवाकर पलटी पड़ी बस को उठवाने की कार्रवाई की।
जानकारी अनुसार मिश्रा बस दिल्ली से टीकमगढ़ जा रही थी। इसी बीच दतिया में जिला न्यायालय के पास बस का अगला टायर फट जाने से वह बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बनी खंती में जा पलटी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल कर निजी वाहन और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में राकेश टीकमगढ़, हल्की बाई, सोनोवा बसोर छतरपुर, धनीराम रजक टीकमगढ़, भगवानदास पाल, रीता, रामपाल नरगढ़, रतिराम पाल मंडियन, राधा अहिवार बजना छतरपुर, भरत कुशवाहा दमोह, पनबाई बसोर हटा, मदन बसोर, गोरी बाई सहित अन्य लोग घायल हो गए।
दीपावली पर घर लौट रहे थे मजदूर : बताया जाता है कि दिल्ली से लौट रही बस में अधिकांश मजदूर वर्ग के थे। जो दीपावली पर अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब तीन बजे जब बस दतिया में हाइवे से गुजर रही थी तभी जोरदार आवाज के बाद पलट गई। उस समय यात्री गहरी नींद में थे। जिसके चलते उन्हें बचाव का मौका भी नहीं मिला।

बस पलटने के बाद सभी उसमें फंसे रह गए। गनीमत यह रही कि किसी की जान नहीं गई। बस में करीब 45 लोग सवार थे। जिनमें से करीब 20 लोगों को ज्यादा चोटें आई हैं।