Datia news : दतिया। भाजपा प्रत्याशी डा.नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दतिया में किला चौक पर सोमवार को विशाल जनसभा को संबोधित किया। सभा में शाह ने कहाकि दतिया विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डा.नरोत्तम मिश्रा ने मप्र में कई सारे अहम विभाग संभाले हैं। एक अनुभवी नेतृत्व दतिया को और आगे ले जाने के लिए पार्टी ने दिया है। इसलिए अबकी बार उनकी जीत की लीड ऐसी हो कि अगली बार कांग्रेस को उनके सामने उतारने के लिए प्रत्याशी भी ढूढ़े से न मिले। इस बार तो कांग्रेस को भी उनके सामने उतारने के लिए दो प्रत्याशी बदलने पड़े। केंद्रीय गृहमंत्री ने उपस्थित लोगों से कहाकि दतिया वालों आपका वोट डा.नरोत्तम मिश्रा को विधानसभा तो पहुंचाएगा ही लेकिन इस वोट से प्रदेश का भविष्य भी तय होगा।
सभा में अमित शाह ने कहाकि आपके एक वोट से मप्र में किसका शासन रहेगा, इसका निर्णय होने वाला है। साथ ही 2024 में किसका शासन होगा इसका भी निर्णय हो जाएगा।
शाह ने कहाकि अपने दस साल के मुख्यमंत्री काल में दिग्विजय सिंह ने पूरे मप्र का बंटाधार करके रख दिया। मप्र को बीमारु राज बनाकर छोड़ा। कांग्रेस के शासन में पहले लोग दतिया आने से डरते थे। लेकिन जब से भाजपा ने शासन संभाला तब से एक भी गैंग पूरे ग्वालियर चंबल संभाग में नहीं है। यह परिवर्तन भाजपा ने 18 सालों में किया है।
उन्होंने कहाकि भाजपा की सरकार बनी तो मप्र में लाडली बहनाओं को 450 का गैस सिलेंडर मिलेगा। किसानों को 12 हजार देने का काम भाजपा करेगी। गरीबों को पांच किलाे अनाज जो 2024 तक देना था, वह 2029 तक फ्री मिलेगा। पांच लाख तक की स्वास्थ्य सेवाएं भी बढ़कर अब 10 दस लाख तक की मिलेंगी।
मां पीतांबरा के साथ मां सरस्वती का धाम भी बना दतिया : पीतांबरा मां का दरबार ऐसा सजाएंगे कि देखने वाले बार-बार वापिस आएंगे। पहले जहां दतिया में बागियों की दहाड़ सुनाई देती थी, वहां अब माई का दरबार सजने वाला है और शिक्षा का क्षेत्र में अग्रणी बनने के कारण दतिया सरस्वती मां का भी धाम बन गया है।
शाह ने कहाकि मां पीताबरा सहित उज्जैन के महाकाल लोक कई सारे धाम होने के बावजूद पर्यटकों की संख्या सिर्फ 64 लाख थी आज पर्यटकों की संख्या भाजपा के शासन में नौ करोड़ हो गई है। अभी मोदी जी चीते छोड़कर गए हैं। उन्हें भी देश ही नहीं दुनियाभर के लोग अब देखने आएंगे।
उन्होंने कहाकि कांग्रेस ने कभी मप्र की भला नहीं किया। उन्होंने कहाकि अब 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य रामलला मंदिर बनकर तैयार होने वाला है। उन्होंने कहाकि तीन दिसंबर को भाजपा की सरकार बनेगी तो सारे दतिया वालों को भी बारी-बारी दर्शन कराने का काम होगा।
पाकिस्तान की बंद कर दी बोलती : केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहाकि पहले पाकिस्तानी आंतकवादी हमारे देश में घुसकर सैनिकों के सिर काट ले जाते थे। लेकिन कांग्रेस के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बोल भी नहीं पाते थे। लेकिन जब से नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली, पाकिस्तान की बोलती बंद है। उरी और पुलवामा का हमला हुआ तो दस दिन में पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकवादियों का सफाया कर दिया गया। इस मुंहतोड़ जबाब के बाद पाकिस्तान भी समझ गया कि भारत में अब मनमानी नहीं चलेगी।
मालवा क्षेत्र से पीआईएफ वालों को आधी रात को उठाकर जेल में बंद कर दिया। रोंहिग्या घुसपैठियों के खिलाफ मोदी ने मुहीम छेड़ी है। मोदी ने देश की सीमा को सुरक्षित करने का काम किया।
शाह ने कहाकि धारा 370 हटाने के लिए कांग्रेस पार्टी न कोई कोशिश नहीं की। पीएम मोदी ने अगस्त 2019 को उन्होंने धारा 370 काे उखाड़कर फैंक दिया। राहुल बाेले मत हटाओ नहीं तो खून की नदियां बह जाएंगी। मैं कहना चाहता हूंं कि मोदी की सरकार ने हमेशा के लिए कश्मीर को जोड़ने का काम किया। मोदी ने संसद में तीन तलाक, मेडीकल इंजीनियर में हिंदी भाषा में पढ़ाई चालू कर आगे का रास्ता तय किया।