गौशाला के कर्मचारी का शव पुलिस ने किया बरामद : धारदार हथियार से की गई हत्या, जांच शुरू

Datia news : दतिया। गौशाला में काम करने वाले कर्मचारी की हत्या की खबर ने शनिवार को हनुमानगढ़ी क्षेत्र में सनसनी फैला दी।  पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है।

धारदार हथियार से वृद्ध की हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दतिया कोतवाली पुलिस पहुंची। गौशाला के पास पड़े शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने उसे पीएम के लिए भिजवाया। साथ ही छानबीन कर सुराग जुटाए गए।

जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ी चेतन्यदास आश्रम में संचालित गौशाला में कार्य करने वाले 65 वर्षीय वृद्ध गोविंद दास उर्फ़ काले बाबा का शव शनिवार को गौशाला में उसके निवास स्थान के पास पड़ा मिला।

गौशाला के अन्य कर्मचारियों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस और ट्रस्ट के सदस्यों को दी। मृतक कर्मचारी पिछले 40 वर्षों से हनुमानगढ़ी आश्रम में निवास कर रहा था।

उसके स्वजन और निवास स्थान के बारे में अभी कोई जानकारी पुलिस नहीं दे सकी है। घटना के बाद मंदिर ट्रस्ट के सदस्य भी वहां पहुंच गए। जहां पुलिस ने पंचानामा तैयार कर शव को पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल इस मामले की जांच में पुलिस जुटी है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter