Datia news : दतिया । महिलाओं ने जब छेड़खानी पर ऐतराज उठाया तो बदमाश भाईयों ने उनके कच्चे घर में आग लगा दी। घटना के बाद दोनों आरोपित भाग निकले। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। इस हादसे में पीड़ितों के घर का सामान जलकर राख हो गया।भांडेर थाना क्षेत्र ईदगाह के पास एक कच्चे खपरैल युक्त घर में सोमवार की रात नौ बजे पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने आग लगा दी।
जिसके चलते उसमें रखा गृहस्थी का पूरा सामान जल गया। जिन युवकों ने आगजनी की इस घटना को अंजाम दिया उनके नाम रवि कुशवाहा एवं धर्मेंद्र कुशवाहा पुत्र हरि निवासीगण ईदगाह भांडेर पुलिस ने बताए हैं।
पुलिस उक्त आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवार को दो गार्ड की सुरक्षा भी मुहैया करा दी है।
इस घटना को लेकर फरियादी सलमान ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता दोनों ही क्रसर पर काम करते हैं और उन्हें रात्रि में नौ बजे क्रसर पर छोड़कर जब वापिस घर लौटा तो देखा कि पड़ोस में रहने वाले रवि और धर्मेंद्र उसके कच्चे घर की खपरैल में आग लगा रहे हैं। ऐसा करते देख जब चिल्लाया तो दोनों ईदगाह तरफ भाग गए।
इसके बाद भाई सलीम को मदद के लिए बुलाया। इस बीच जलते घर में सलमान की पत्नी अपने दोनों बच्चों को लेकर सुरक्षित बाहर निकल आई। इसके बाद आग को बुझाने का प्रयास किया।
लेकिन इसी बीच किसी ने फायरब्रिगेड को सूचना कर दी। जो कुछ देर बाद मौके पर पहुंच गई। जब तक आग बुझती, तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो चुका था।
महिला से की अभद्रता : इस आगजनी की घटना का कारण सोमवार शाम छह बजे सलमान की पत्नी जो शौच के लिए गई थी, से रवि और धर्मेंद्र द्वारा की गई अभद्रता और छेड़छाड़ थी। जिसका प्रतिवाद जब सलमान ने किया तो दोनों आरोपित भाईयों द्वारा सलमान, उसकी पत्नी तथा भतीजी के साथ मारपीट कर दी।
इस घटना के बाद महिलाओं ने भांडेर थाने पहुंचकर उक्त आरोपित भाईयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। जिससे खफा होकर मंगलवाटिका के पास सलमान के भाई लियाकत की भी अपने कुछ साथियों के साथ घेरकर उक्त आरोपिताें ने मारपीट कर दी और फिर यहां से सलमान के घर पहुंचकर उसे आग के हवाले कर दिया।


