तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंदा : इधर नशे की हालत में बाइक दौड़ा रहे युवक ने स्कूटी सवार महिलाओं को मारी टक्कर

Datia news : दतिया। तेज रफ्तार बस ने एक बाइक सवार को रौंद डाला। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं आमने-सामने की भिडंत में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इधर नशे में धुत एक बाइक सवार ने स्कूटी से जा रही महिला शिक्षिकाओं को टक्कर मारकर घायल कर दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिए हैं।

चिरुला थाना अंतर्गत ग्राम तगा स्थित शासकीय हाईस्कूल के पास एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने नशे की हालत में दो पहिया वाहन तेजी व लापरवाही से चलाकर सामने से आ रही एक स्कूटी में टक्कर मार दी। इस टक्कर में स्कूटी सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों ही महिलाएं शासकीय हाईस्कूल तगा में शिक्षिका हैं।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार को तगा स्थित शासकीय हाईस्कूल में पदस्थ दो महिला टीचर सुषमा सेन पत्नी धर्मवीर सेन और पुष्पलता वाजपेई पत्नी प्रदीप वाजपेई रोज की तरह स्कूल जा रहीं थीं, तभी बाइक क्रमांक एमपी 32 एमजे 8929 के चालक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे दोनों महिला घायल हो गईं।

जिन्हें सहयोगी स्टाफ की मदद से जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर चिरूला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंदा : वहीं सेवढ़ा में नागिल पेट्रोल पंप के पास रामपुरा मोड़ के बीच दतिया जा रही नीरज बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार राघवेंद्र यादव निवासी जलालपुरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस भिडंत में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सेवढ़ा पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। युवक की हालत नाजुक बताई गई है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter