अक्टूबर में 17.28 लाख श्रमिकों का ईएसआई योजना में नामांकन, 51 ट्रांसजेंडर भी शामिल

नई दिल्ली : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के अनंतिम पेरोल डेटा की जानकारी के मुताबिक अक्टूबर, 2023 माह में इसमें 17.28 लाख नए कर्मचारी जुड़े हैं। अक्टूबर, 2023 माह में लगभग 23,468 नए प्रतिष्ठानों को पंजीकृत किया गया है और इन्‍हें कर्मचारी राज्य बीमा निगम की सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत लाया गया है, जिससे अधिक कवरेज सुनिश्चित हुई है।

डेटा से स्पष्ट रूप से जानकारी मिलती है कि देश के युवाओं के लिए अधिक रोजगार का सृजन हुआ है। अक्टूबर 2023 के दौरान कुल 17.28 लाख कर्मचारियों को इससे जोड़ा गया है जिसमें से अधिकांश 25 वर्ष की आयु तक के 8.25 लाख कर्मचारी नवीन पंजीकरण में शामिल हैं। यह अक्‍टूबर 2023 के दौरान जोड़े गए कुल कर्मचारियों का 47.76 प्रतिशत है।

पेरोल डेटा के लिंग-वार विश्लेषण से जानकारी मिलती है कि अक्टूबर, 2023 में कुल 3.31 लाख महिला सदस्यों का नामांकन किया गया है। डेटा से प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक अक्टूबर, 2023 माह में कुल 51 ट्रांसजेंडर कर्मचारियों ने भी ईएसआई योजना के तहत पंजीकरण कराया है।

यह दर्शाता है कि ईएसआईसी समाज के हर वर्ग तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।पेरोल डेटा अनंतिम है क्योंकि डेटा सृजन एक निरंतर प्रक्रिया है।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter