सीसीटीवी कैमरे बन रहे पुलिस के मददगार : एक माह पहले गुम हुई अंगूठी तक ढूंढने में हुई आसानी

Datia news : दतिया। सीसीटीवी कैमरे कितने मददगार हैं, यह तब साबित हो गया जब एक माह पहले गुम हुई सोने की अंगूठी तक कैमरे की फुटेज से ढूंढना आसान हो गया और अंगूठी तलाश कर उसके मालिक को सौंप दी गई। एक माह पहले खाेई इस अंगूठी के मिल जाने की उम्मीद शायद उसके मालिक को भी नहीं होगी।

लेकिन पुलिस की तत्परता से यह संभव हो गया। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा से उक्त अंगूठी उसके मालिक के सुपुर्द कराई।

जानकारी के अनुसार गत 21 नवंबर को प्रमोद कुमार सरगईयां पुत्र बाबूलाल कोरी निवासी भांडेर रोड देहात थाना के सामने दतिया ने कोतवाली में एक शिकायती आवेदन दिया था। जिसमें शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी सोने की अंगूठी नहाते समय रोड पर गिरकर गुम हो गई है।

शिकायतकर्ता द्वारा दतिया पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के समक्ष प्रस्तुत आवेदन पर कोतवाली पुलिस ने खोजबीन शुरू की। टीआई धीरेंद्र मिश्रा द्वारा सीसीटीव्ही फुटेज प्राप्त कर अंगूठी उठाने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे 20 दिसंबर को पकड़कर पूछतांछ की।

जिस पर उसने अपना नाम रामकुमार साहू पुत्र कामता प्रसाद साहू निवासी दांतरे की नरिया बताया। उक्त युवक ने बताया कि उसे 10 नवम्बर को धनतेरस के दिन रोशनी स्टूडियो के सामने एसबीआई क्योस्क के पास रोड पर अंगूठी मिली थी। पूछने पर किसी ने कोई जानकारी प्रदान नहीं की। इसलिए उसने अंगूठी रख ली।

अंगूठी उक्त व्यक्ति से प्राप्त कर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार सरगईयां के सुपुर्द कराई। इस कार्य में निरीक्षक धीरेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक चंदन आदि की भूमिका रही।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter