Datia news : दतिया। शहर में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटनाओं ने लोगों दहला दिया है। पिछले कुछ दिनों में इस तरह की वारदातों में लगातार इजाफा हुआ है। हाल में दो कालौनियों में घटित गोलीबारी के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों को नामजद किया है। फिलहाल सभी आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इधर शनिवार को ही गोराघाट थाना क्षेत्र में भी आपसी विवाद के चलते दो लोगों को गोली मार दी गई। दोनों घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
एक के बाद एक हुई गोलीबारी की घटनाएं स्थानीय सिद्धार्थ नगर कालौनी व राजघाट कालौनी में शुक्रवार-शनिवार रात घटित हुई। घटना के दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने घरों में ताबड़तोड़ फायर किए और भाग निकले। इससे पहले शुगर मिल गेट पर भी बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग कर दी थी। जिसके बाद से वहां भी दहशत का आलम है।
गोलियों की आवाज से गूंजी कालौनियां : बाइक सवार बदमाश रात के समय पहले सिद्धार्थ कालौनी पहुंचे। जहां उन्होंने विवेक यादव के घर पहुंचकर कट्टे से ताबड़तोड़ फायर शुरू कर दिए। जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते बदमाश वहां से भाग निकले। इसके बाद उक्त आरोपित अंकुश दांगी के राजघाट कालौनी निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने गोलीबारी की। इन घटनाओं में गोली लगने से मकान के दरवाजे और खिड़कियों में छेद हो गए।
गोलीबारी की घटनाएं मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिसके फुटेज पुलिस ने खंगाले जिसके बाद आरोपितों की पहचान कर ली गई। गोलीबारी की घटनाओं के संबंध में फरियादी विवेक यादव व अंकुश दांगी की रिपोर्ट पर पुलिस ने इस मामले में आरोपित राम यादव, अजय यादव निवासी लरायटा हाल निवासी दिनारा रोड व राजाजी परमार नौनेर हाल निवास रामनगर कालौनी को नामजद किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपितों की अंकुश दांगी के साले ऋषभ दांगी व विवेक यादव के भाई आनंद यादव के साथ रंजिश होने की जानकारी मिली है। उक्त लोग सभी हिस्ट्रीशीटर बताए जाते हैं।

जो पहले एक साथ मिलकर कई मामलों में नामजद रह चुके हैं। लेकिन हाल में इनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ है। जिसके बाद दोनों घरों पर गोलीबारी की घटना घटित हुई है।
इधर बाइक सवार युवकों को मार दी गोली : इधर शनिवार को गोराघाट थाना क्षेत्र में सुनारी की पुलिया पर आरोपित गोलू रावत व शैलेंद्र रावत निवासीगण गोरा ने वहां से गुजर रहे बाइक सवार सिद्धू रावत निवासी सिलौरी व अभिषेक सिंह पुत्र भावसिंह रावत निवासी भदौना को कट्टा दिखाकर रोक लिया और दोनों युवकों पर फायरिंग कर दी।
इस घटना में सिद्धू और अभिषेक के कमर, पेट में गोली जा लगी। पुलिस के मुताबिक उक्त लोगों के बीच आपसी विवाद के चलते यह घटना घटित हुई है।