ट्रैक्टर सवार युवक को मारी गोली : आपसी कहासुनी को लेकर रिश्तेदारों में हुआ विवाद, दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे

Datia news : दतिया। ट्रैक्टर सवार युवक पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में उक्त युवक घायल हो गया। घटना का कारण आपसी कहासुनी बताया जाता है। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

आपसी रंजिश के चलते थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम टोड़ा में दो पक्षों में विवाद हो गया। इस बीच एक पक्ष द्वारा फायरिंग कर दिए जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों पर अलग-अलग धाराओं में क्रास मामला दर्ज किया है। वहीं घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ग्राम टोड़ा निवासी मुकेश यादव पुत्र श्रीराम यादव अपने ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत पर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही ज्ञान सिंह, अयोध्या सिंह यादव, रोहित यादव, बाली सिंह यादव ने उसे रोक लिया। इस बीच उक्त लोगों से मुकेश की कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी की उक्त लोगों ने फायरिंग कर दी। जिसकी गोली मुकेश के पैर में जा लगी।

इधर गोली की आवाज सुनकर मुकेश के परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को लेकर थाने आई। घायल मुकेश को इंदरगढ़ अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया।

थरेट थाना प्रभारी अमरसिंह गुर्जर ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों पर धारा 307 सहित अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं। जिनके बीच पूर्व में भी वर्चस्व को लेकर विवाद हो चुके हैं।

Banner Ad

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter