दतिया में सोमवार से लग सकता है रात का कर्फ्यू, कलेक्टर ने दिए संकेत

दतिया. दतिया शहर में आज सोमवार से रात का कर्फ्यू लग सकता है। कोरोना संक्रमण की दर दतिया जिले में भी 3 से 4 गुना बढ़ी है। इसके मद्देनजर भोपाल से मिले आदेश के बाद सोमवार से रात का कर्फ्यू घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय कुमार ने नईदुनिया को दी जानकारी में बताया कि रविवार को भोपाल में कोरोना संक्रमण और उसकी रोकथाम के संदर्भ में बैठक हुई है। इसे लेकर दतिया में भी सोमवार को प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से चर्चा करने के बाद सोमवार 23 नवंबर से रात का कर्फ्यू घोषित किया जा सकता है।

प्रदेश की तुलना में दतिया में कोरोना संक्रमण की दर कम होने के बावजूद कर्फ्यू लगाए जाने की स्थिति पर कलेक्टर ने बताया कि त्यौहार और उपचुनाव के मद्देनजर जिले में सैंपलिंग का काम कम हुआ था । इस दौरान संक्रमण संख्या भी कम थी, जैसे ही सैंपलिंग बढ़ेगी वैसे कोरोना संक्रमण की दर भी बढ़ना स्वाभाविक है। संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन कोई कोताही नहीं बरतना चाहता है। आवश्यक हुआ तो अन्य प्रतिबंध भी लागू किए जा सकते हैं। इसके अलावा कोरोना संक्रमण के संबंध में लोगों को शिक्षित भी किया जाएगा। हालांकि अभी प्रतिदिन 250 से 300 टेस्ट जिला अस्पताल में किए जा रहे हैं। इसमें कुछ सैंपल ग्वालियर भी भेजे जा रहे हैं। इन सैंपलिंग की संख्या को बढ़ाया जाएगा। कोरोना संक्रमित क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई की जाकर कंटेनमेंट जोन और आइसोलेशन संबंधी नए सिरे से निर्देश दिए जाएंगे। कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि धान खरीदी को लेकर भी एक नई नीति जिले स्तर पर बनाई जा रही है, ताकि किसानों को सहज और सुलभ ढंग से धान बिक्री की सुविधा प्राप्त हो सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter