Datia news : दतिया। गांव में पथराव की घटना के बाद आए बंदूकधारियों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई, ऐसे में पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। घटना के बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालना पड़ी। फिलहाल आरोपितों की तलाश की जा रही है।
दुरसड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बीकर में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। विवाद में एक पक्ष ने दूसरे परिवार के पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पथराव किया।

घटना में घायल पिता-पुत्र घायल को भांडेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें एक युवक 315 बोर की राइफल लिए अपने साथियों के साथ गांव में घूमता नजर आ रहा है। जिनकी दहशत से ग्रामीण अपने घरों से बाहर नहीं निकले।

पुलिस ने एक पक्ष की रिपोर्ट पर मामला कायम कर लिया है।जानकारी के अनुसार ग्राम बीकर निवासी संजीव दांगी और देवेंद्र दांगी के बीच जमीन को लेकर विवाद चला रहा था।
सोमवार रात भी इनके परिवारों आपसी कहासुनी हो गई। इसीको लेकर देवेंद्र ने अपने साथी गिन्नी दांगी, राज दांगी, जितेंद्र दांगी, मयंक दांगी सहित कुछ अन्य लोगों के साथ संजीव के घर पहुंचकर विवाद किया और लाठी डंडे से संजीव और उसके बेटे सुमंत की मारपीट कर दी। अपने बचाव के लिए संजीव के परिवार ने भी पथराव किया। पथराव में देवेंद्र के कुछ साथी घायल होने की जानकारी मिली है।
इधर घटना के बाद एक युवक राइफल लिए अपने साथियों के साथ गांव में घूमता दिखाई दिया। जिसका किसी ग्रामीण ने वीडियो बनाकर प्रसारित कर दिया।
घायल संजीव के स्वजन का आरोप है कि आरोपितों ने राइफल से फायर कर दहशत फैलाने की कोशिश भी की। पुलिस का कहना है कि घटना में फायरिंग नहीं हुई है।
थाना प्रभारी सविता शर्मा ने बताया कि पुलिस ग्रामीणों से भी पूछतांछ कर रही है। अभी एक पक्ष की ओर से मामला दर्ज कराया गया। घायलों का मेडीकल परीक्षण कराया गया है। जांच की जा रही है।