Datia news : दतिया । पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ऐनवक्त पर खुली जिप्सी खराब हो गई। फूलों से सजे इस खुले वाहन पर दतिया के प्रभारी मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, कलेक्टर व एसपी के साथ परेड का निरीक्षण करने के लिए जैसे ही सवार हुए, वाहन ने जबाब दे दिया।
जब जिप्सी कई बार प्रयास के बाद भी स्टार्ट नहीं हुई तो प्रभारी मंत्री कंषाना को वाहन से उतरना पड़ा और कलेक्टर संदीप माकिन और एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा के साथ पैदल ही ग्राउंड में चलकर उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। संभवता यह पहला मौका था जब समारोह के मुख्य अतिथि को इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रभारी मंत्री के चेहरे पर भी नाराजगी के भाव नजर आ रहे थे।
जबकि गणतंत्र दिवस समारोह से दो दिन पहले ही यानि 24 जनवरी को फाइनल रिहर्सल के दौरान कलेक्टर व एसपी ने इसी वाहन पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया था और सलामी भी ली थी।
ऐसे में उम्मीद थी कि सारी व्यवस्थाएं सही रहेंगी। लेकिन ऐनवक्त पर निरीक्षण वाहन के खड़े रह जाने प्रशासन को शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा।
बता दें कि गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर पिछले पंद्रह दिनों से तैयारियां चल रही थीं। इसे लेकर न्यू कलेक्ट्रेट में कलेक्टर लगातार बैठकें कर अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी जा रही थी।
लेकिन जब समारोह का अवसर आया तो सारी तैयारियां धरी की धरी रह गई। गरिमामय समारोह में इस तरह की स्थिति अधिकारियों की बेपरवाह कार्रशैली की ओर इशारा करती है।
कंडम वाहन ने दिया जबाब : इस संबंध में अधिकारियों का कहना था कि परेड निरीक्षण वाहन कई वर्ष पुराना है। जिसे सिर्फ इन्हीं अवसरों पर उपयोग किया जाता है। ऐसे में कंडम हो चुके वाहन ने समारोह के दौरान जबाब दे दिया। लेकिन इस तरह के मौकों पर वाहन आदि के कारण आने वाली परेशानी से प्रशासन के सामने शर्मनाक स्थिति पैदा हो जाती है।


