डिलेवरी बाॅय ने नहर में छलांग लगाकर दी जान : उप्र से बहता हुआ दतिया पहुंचा शव, पिछले कुछ दिनों से था परेशान

Datia news : दतिया। कंपनी में डिलेवरी बॉय का काम करने वाले युवक ने अपने ऊपर चल रहे एक्सीडेंट के केस से परेशान होकर नहर में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना उप्र के बबीना की है। यहां से मृतक का शव बहकर दतिया के चिरुला थाना क्षेत्र के अंगूरी बैराज में आ गया।

जहां एक शव के पानी में उतराते मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद उसकी शिनाख्त कराई। जिसमें युवक के बारे में सारी जानकारी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक झांसी के बबीना से मृतक एक सप्ताह पहले लापता हुआ था। मृतक अजय यादव एक ई-कामर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। 17 फरवरी की सुबह वह घर से निकल अचानक कहीं चला गया।

जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। स्वजन ने आसपास काफी खोजबीन की। रिश्तेदारों के यहां भी पता लगाया। लेकिन उसके बारे में कहीं जानकारी नहीं मिल सकी।

सीसीटीवी में नहर की ओर जाते दिखा था युवक : इस दौरान सीसीटीवी के एक फुटेज में वह नहर किनारे जाता हुआ नजर आया। इसके बाद से स्वजन नहर के आसपास उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

Banner Ad

इसी बीच पता लगा कि दतिया के अंगूरी बैराज में एक शव पड़ा नजर आया। इस पर स्वजन शव को झांसी ले गए। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पीएम कराया।

एक्सीडेंट केस को लेकर था परेशान : मृतक के चचेरे भाई शिवम यादव ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले अजय की गाड़ी से एक व्यक्ति के वाहन की भिडंत हो गई थी। जिसमें वह व्यक्ति घायल हो गया था।

जिसका अजय ने अस्पताल में पूरा इलाज भी कराया था। लेकिन कुछ समय बाद उक्त व्यक्ति ने ही अजय पर केस कर दिया। इसी केस में राजीनामा के लिए वह अजय पर तीन लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था।

जिससे वह कुछ दिनों से परेशान रहने लगा था। आशंका है कि इसी परेशानी के चलते मानसिक दबाब में युवक ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter