Datia news : दतिया। आपसी रंजिश होली के दिन गोलीबारी में बदल गई। इस दौरान भतीजे ने अपने ताऊ को कहासुनी के बाद गोली मार दी। जिस समय घटना हुई, घायल भी शराब के नशे में था। उसे गोली लगने के बारे में तब पता चला जब उपचार के दौरान एक्सरे रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई।
इससे पहले पेट में गोली लगने के बाद घायल बेसुध हो गया था। घटना के बाद से ही आरोपित फरार हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। होली के दिन घटी इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

सोनागिर थाना क्षेत्र के ग्राम मुरैरा में पारिवारिक विवाद के चलते शुक्रवार-शनिवार की रात भतीजे ने अपने सगे ताऊ को गोली मार दी। जो उसके पेट में जा लगी।

गंभीर अवस्था में घायल को पुलिस ने दतिया अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया। जहां से उसे झांसी रेफर कर दिया गया।घटना के संबंध में पुलिस ने आरोपित महेंद्र और उसके साले अमित कुशवाहा के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मुरैरा निवासी बाबूलाल कुशवाह शराब पीने का आदी है। होली की रात उसकी शराब के नशे में अपने भतीजे महेंद्र से कहासुनी हो गई। इन दोनों परिवारों के बीच पूर्व से रंजिश चली आ रही है।
इस बात पर गुस्से में आए महेंद्र ने ताऊ पर फायरिंग कर दी। जिसकी गोली बाबूलाल के पेट में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर जब बाबूलाल का बेटा ओमप्रकाश दौड़कर आया तो आरोपितों ने उसकी भी मारपीट कर दी।
जिसमें ओमप्रकाश को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां से घायल को उपचार के लिए पहले बड़ौनी भेजा गया। यहां से दतिया अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां डाक्टरों ने पेट मेें गोली लगे होने से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी रेफर कर दिया गया। घायल का झांसी में उपचार जारी है।