दतिया के उनाव से करीला गई ट्रैक्टर ट्राली की कंटेनर से जोरदार भिडंत : 27 श्रद्धालु घायल, दो की चली गई जान

Datia news : झांसी-दतिया। दतिया के उनाव क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर मंगलवार दोपहर अशोकनगर स्थित करीलाधाम गई ट्रैक्टर ट्राली वहां से लौटते समय गुरुवार को ओरछा के पास स्थित तिराहे पर हादसे का शिकार हो गई। इस दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराया। जिसकी टक्कर से ट्रैक्टर ट्राली पलट गई।

इस हादसे में ट्राली से उछलकर दूर जा गिरे श्रद्धालु गंभीर रुप से घायल हो गए। वहीं दो की जान चली गई। मरने वालों में एक 15 वर्षीय किशोरी भी शामिल है। जो घटना से दो दिन पूर्व ही अपने मौसा के यहां उनाव आई थी।

झांसी से सटे क्षेत्र में हुए भीषण हादसे में 27 लोग घायल बताए जाते हैं। सभी को झांसी मेडीकल कालेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हादसा झांसी से सटे मप्र के ओरछा थाना क्षेत्र के चकरपुर गांव के पास घटित हुआ है।

Banner Ad

किशोरी और वृद्ध की गई जान : ट्रैक्टर ट्राली उनाव के प्रीतम कुशवाह की थी। जो मंगलवार को उनाव के सरसई रोड तिगेला से हरप्रसाद कुशवाह के परिवार के सदस्य व रिश्तेदारों को लेकर करीलाधाम के लिए रवाना हुआ था।

करीब 200 किमी का सफर ट्रैक्टर ट्राली से तय कर श्रद्धालु अशोकनगर के करीला में स्थित माता जानकरी मंदिर पहुंचे थे। जहां मेला घूमने के बाद करीब 40 लोग फिर ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर वापिस उनाव के लिए लौटे।

इसी बीच ओरछा के पास तेज रफ्तार कंटेनर से ट्रैक्टर ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में हरप्रसाद के साडू सेतोल निवासी जुझार कुशवाहा की 15 साल की बेटी स्वाति और उनाव के भगवतशरण तिवारी की मौत हो गई। जबकि 27 लोग घायल हो गए।

झांसी और ओरछा पुलिस मौके पर पहुंची : घटना के बाद कंटेनर लेकर ड्राइवर भाग निकला। सड़क पर चारों तरफ घायल लोगों की चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।

तब झांसी और ओरछा पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। यहां पर पांच घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे में ये लोग हुए घायल : अरविंद कुशवाहा, नेहा कुशवाहा, कल्लू कुशवाहा, विकास कुशवाहा, कालीचरण कुशवाहा, सियाशरण, रामस्वरूप अहिरवार, कुसुम अहिरवार, रामेश्वर कुशवाहा, प्रियंका कुशवाहा, सौरभ कुशवाहा,

वर्षा कुशवाहा, शारदा कुशवाहा, रविंद्र कुशवाहा, अरविंद कुशवाहा, भगवानदास कुशवाहा, कुसुमा कुशवाहा, रामसेवक कुशवाहा, अंकुश कुशवाहा, कमलेश कुशवाहा, बादाम कुशवाहा, दयाराम, ननदी, रामसेवक, भगवत, कृष्णा, आयुष सभी निवासीगण उनाव शामिल हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter