पीतांबरा पीठ परिसर 31 हजार दीपों से जगमगाया : माई के प्राकटोत्सव की पूर्व संध्या पर हुआ आयोजन श्रद्धालुओं ने सजाई रंगोली

Datia news : दतिया। बुधवार शाम जैसे ही पीतांबरा पीठ स्थित माई के यंत्रराज हरिद्रा सरोवर में एक साथ 31 हजार दीप प्रज्जवलित हुए तो ऐसा लगा मानों आसमान से तारे मां के आंगन में उतर आए हों। पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। अक्षय तृतीया के दिन पीतांबरा पीठ पर शाम को दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें पीतांबरा मंदिर पर एक साथ 31 हजार दीपक जलाए गए। माई के प्राकटोत्सव की पूर्व संध्या पर यह आयोजन किया गया था। जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। गुरुवार को माई का प्राकटोत्सव पर अभिषेक पूजन के विशेष कार्यक्रम होंगे।

पीतांबरा माई के प्राकटोत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित हुए एक दीप माई के नाम कार्यक्रम में 31 हजार दीपक जलाने के लिए दो क्विंटल 10 किलो तेल व 10 किलो घी का उपयोग किया गया। दीपोत्सव कार्यक्रम के आयोजक समाजसेवी डा.राजू त्यागी ने बताया कि मंदिर सहित हरिद्रा सरोवर में एक साथ दीपक जलाए गए। मंदिर में श्रद्धालुओं ने दीपोत्सव कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लिया।

इस आयोजन में एसपी वीरेंद्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी भी शामिल हुए। दीपोत्सव के नजारे को श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइलों में भी कैद किया। इस दौरान हरिद्रा सरोवर रोशनी से जगमग हो उठा।

दीप प्रज्जवलित करने में पीठ के पुजारी सेवकों के साथ ही संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं व सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन को लेकर डा.राजू त्यागी पिछले कई दिनों से जुटे हुए थे।

इससे पहले बुधवार सुबह भगवान परशुराम का जन्मोत्सव पीठ पर मनाया गया। इस दौरान पीठ स्थित मंदिर पर सुबह भगवान परशुराम का अभिषेक पूजन और आरती हुई।

इसके बाद शाम को पीठ पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। पीठ पर आयोजित गोष्ठी में जिसमेें प्रवक्ता के रुप में अनंत महाराज चित्रकूट एवं रामदास महाराज वृंदावन एवं चंदा गुरु मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!