मासूम के साथ खेत पर दुष्कर्म : आम खिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था आरोपित, पीड़िता को लेकर मां थाने पहुंची

Datia news : दतिया। आम देने का लालच देकर गांव के युवक ने एक नौ साल की बालिका के साथ दुष्कर्म कर दिया। दरिंदगी का शिकार हुई बालिका जब रोते हुए घर लौट रही थी तब उसकी सहेली ने उसे रोककर, रोने का कारण पूछा। जिस पर बालिका ने पूरी घटना बताई।

इस बात की खबर जब बालिका की मां को लगी तो वह उसे लेकर थाने पहुंची। जहां मासूम के साथ दुष्कर्म करने वाले युवक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। आरोपित शादीशुदा बताया जाता है। जिसके कृत्य को लेकर गांव के लोगों में आक्रोश है। घटना गोराघाट की है।

पीड़िता की मां ने गोराघाट थाने पहुंचकर इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी कमल गोयल ने बताया कि 16 जून काे मासूम बालिका अपने भाई के साथ गांव के मंदिर में खेल रही थी।

इस दौरान आरोपित रामगोपाल राजपूत वहां आ पहुंचा। उसने आम देने का लालच दोनों बच्चों को दिया और अपने खेत की टपरिया पर ले गया।

इस दौरान आरोपित ने मासूम को आम दिए और खटिया पर बैठा लिया। इसके बाद उसने दुष्कर्म की घटना काे अंजाम दिया। घटना के बाद रोती हुई आ रही मासूम ने यह सारी बात अपनी सहेली को बताई।

Banner Ad

जिसने बाद में पीड़िता की मां को इस घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपित अभी फरार बताया जाता है।

गोराघाट में पहले भी मासूम की दुष्कर्म के बाद हुई थी हत्या : इससे पहले भी गोराघाट क्षेत्र में मासूम नौ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दिए जाने की वारदात तीन वर्ष पहले घट चुकी है।

मई 2022 में शादी समारोह में आई बालिका रात के समय सो रही थी तभी उसके दूर के रिश्ते में मामा लगने वाला युवक उसे उठा ले गया। जहां उसने बालिका के साथ दुष्कर्म कर उसका सिर कुचलकर हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपित बालिका का शव नहर के किनारे झाड़ियों में फैंक आया था। आरोपित को घटना के एक दिन बाद ही पुलिस ने दबोच लिया था।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter