भोपाल | 17 जुलाई 2025 : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गुरुवार को न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 29वें मुख्य न्यायाधिपति के रूप में शपथ दिलाई। यह समारोह भोपाल स्थित राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित किया गया।
राजभवन में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण समारोह : शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। राज्यपाल पटेल और उप मुख्यमंत्री ने संजीव सचदेवा को पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक बधाई दी।
मुख्य सचिव ने पढ़ा नियुक्ति आदेश : समारोह का संचालन मुख्य सचिव अनुराग जैन ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा संजीव सचदेवा को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधिपति नियुक्त किए जाने की अधिसूचना का वाचन किया।
न्यायिक और विधिक समुदाय की भागीदारी : समारोह में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह, महाधिवक्ता प्रशांत सिंह, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, जिला न्यायालय के अधिकारी, बार के सदस्य एवं विभिन्न आयोगों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के साथ ही संजीव सचदेवा ने राज्य के शीर्ष न्यायिक पद का औपचारिक कार्यभार संभाल लिया।


