दिवाली और छठ पर यात्रियों के लिए बड़ी सौगात : 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें, नई अमृत भारत और वंदे भारत एक्सप्रेस से मिलेगा लाभ

नई दिल्ली : दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस साल 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ये ट्रेनें 13 से 26 अक्टूबर के बीच आगे की यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच वापसी यात्रा के लिए चलाई जाएँगी। उन्होंने कहा कि इस बार यात्रियों को वापसी टिकटों पर 20% की छूट भी दी जाएगी, जिससे लाखों लोगों को लाभ होगा।


बिहार को नई रेल सेवाओं की सौगात : रेल मंत्री ने जानकारी दी कि बिहार को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए कई नई रेल सेवाएँ शुरू की जा रही हैं। इसमें चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल होंगी जो गया–दिल्ली, सहरसा–अमृतसर, छपरा–दिल्ली और मुजफ्फरपुर–हैदराबाद मार्ग पर चलाई जाएंगी।

इसके अलावा, पूर्णिया और पटना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस भी शुरू होगी। बिहार के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए बौद्ध सर्किट ट्रेन की घोषणा भी की गई है, जो वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, राजगीर, गया और कोडरमा को जोड़ेगी।


नई रेल परियोजनाएँ और आधारभूत संरचना : रेलवे ने बिहार में बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के लिए कई बड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है।

➝ बक्सर–लखीसराय रेलखंड को चार-लाइन कॉरिडोर में बदला जाएगा।
➝ पटना रिंग रेलवे प्रणाली विकसित की जाएगी।
➝ सुल्तानगंज–देवघर रेल लिंक और पटना–अयोध्या रेल सेवा शुरू की जाएगी।
➝ लौकहा बाज़ार में नई वाशिंग पिट सुविधा बनाई जाएगी।
➝ कई रोड ओवरब्रिज परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।


जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श : रेल मंत्री ने बताया कि यह निर्णय बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, सांसद डॉ. संजय जायसवाल और सांसद संजय कुमार झा के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और नई ट्रेनों तथा आधारभूत ढाँचे की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।


यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ : रेलवे के इस फैसले से न केवल त्योहारों के दौरान यात्रा सुगम होगी, बल्कि नई रेल सेवाओं और परियोजनाओं से बिहार की राष्ट्रीय स्तर पर कनेक्टिविटी बेहतर होगी। यह कदम क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter