पंडोखरधाम में रोपे जाएंगे 50 हजार पौधे : ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने की पहल, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

दतिया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पंडोखर धाम क्षेत्र में बड़ी पहल की जाएगी। इसके लिए परिसर क्षेत्र सहित आसपास के इलाके में करीब 50 हजार पौधे रोपने का अभियान जल्दी ही शुरू किया जाएगा। यह अभियान भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत पंडोखर के सरपंच रामजी शर्मा, पंडोखरधाम के अधिष्ठाता गुरुशरण महाराज के मार्गदर्शन में संचालित करेंगे।


‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम से हुई शुरुआत : इसी उद्देश्य को लेकर रविवार को पंडोखर पंचायत में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम ‘एक पेड़ मां के नाम’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरपंच व भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामजी शर्मा ने पंडोखरधाम के संस्थापक गुरुशरण महाराज, ट्रस्ट सचिव मुकेश गुप्ता ‘सागर’ और आचार्य उमाशंकर शास्त्री के साथ परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।

 


प्रधानमंत्री के अभियान से प्रेरित : इस मौके पर रामजी शर्मा ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ आह्वान से प्रेरित है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पंडोखर पंचायत क्षेत्र को हरियाली से आच्छादित करने के लिए लगातार पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। रामजी शर्मा ने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध समाज के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा है।


जनसेवा और समाजकल्याण पर जोर : पार्टी संबंधी गतिविधियों को लेकर रामजी शर्मा ने कहा कि वे अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं के निराकरण और वंचित वर्ग की सहायता के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उनका उद्देश्य है कि पार्टी द्वारा सौंपी गई हर जिम्मेदारी को निभाते हुए समाजकल्याण में सक्रिय भूमिका अदा करना।


पंडोखरधाम में रोपे जाएंगे 50 हजार पौधे –  कार्यक्रम के दौरान गुरुशरण महाराज ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि पंडोखरधाम परिसर में 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी शुरुआत इसी कार्यक्रम से हो चुकी है। उन्होंने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायतों और नगरीय निकायों से भी अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया, ताकि प्रकृति का संतुलन बना रहे और लोगों को शुद्ध प्राणवायु मिल सके।


पत्रकारों से संवाद : समारोह में शामिल पत्रकारों ने गुरुशरण महाराज से व्यक्तिगत और सामाजिक मुद्दों पर प्रश्न पूछे। उन्होंने खुले मन से सभी प्रश्नों का उत्तर दिया और समाधान के सुझाव भी प्रस्तुत किए।


 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!