Datia news : दतिया। जमीन के कमीशन को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक पुलिस कर्मी पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं उसे बंधक भी बना लिया।
इस दौरान हमलावरों ने पुलिस कर्मी के दामाद को फोन किया कि आकर अपने ससुर को बचा लो। इसके बाद ससुर को गोली मारकर फरार हो गए।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम महुआ निवासी सेवानिवृत पुलिस कर्मी होतमसिंह नरवरिया पर जमीन के कमीशन विवाद को लेकर गोली मारने वाले आरोपित को पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद ही हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से 315 बोर का कट्टा व दो खाली कारतूस जब्त किए गए हैं।
सिविल लाइन थाना टीआइ सुनील बनोरिया ने बताया कि भिंड जिले के पुर गांव निवासी होतम सिंह नरवरिया दतिया पुलिस लाइन में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ थे।
उन्होंने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गुरुवार दोपहर वे अपने खेत ग्राम महुआ जा रहे थे। तभी हमलावरों ने उन पर गोली चलाई और बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में नामजद आरोपित कृष्णपाल सिंह गुर्जर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर जान से मारने की नीयत से होतम सिंह पर गोली चलाई थी। जो उसके दाहिने हाथ में लगी। साथ ही दो गोली उसकी बाइक में मारकर उसे भी क्षतिग्रस्त किया गया था।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपित कृष्णपाल सिंह गुर्जर पुत्र लक्ष्मण सिंह गुर्जर निवासी ग्राम महुआ को उसके गांव में बने हार से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरा नामजद आरोपित वीरेंद्र गुर्जर और एक अन्य व्यक्ति अभी फरार बताए जाते हैं।