बिना मास्क एवं ट्रेफिक नियम तोड़ने वालों पर की कार्रवाई
दतिया । यातायात पुलिस ने मंगलवार को स्थानीय किला चौक पर चैकिंग अभियान चलाकर वाहनों के चालान काटे। यातायात सूबेदार नईम खान द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन सवारों को सख्त हिदायत देते हुए नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। इस दौरान किला चौक पर बिना मास्क एवं बिना हेलमेट मिले बाइक सवारों को रोककर उन्हें मास्क लगाकर ही घराें से बाहर निकलने की समझाइश दी गई।
वहीं तेज गति से बाइक चलाने वालों और दो पहिया वाहन पर तीन सवार बैठे मिलने पर पुलिस ने ऐसे वाहन सवारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की । यातयात पुलिस की कार्रवाई से बाजार में बिना मास्क घूम रहे वाहन सवारों ने मुख्य मार्ग की जगह गलियों से ही निकलने में अपनी भलाई समझी।
इस दौरान पुलिस ने भी राहगीरों एवं वाहन सवारों को कोरोना संक्रमण काल में बचाव को ध्यान में रखते हुए घरों से बाहर निकलते समय मास्क लगाकर ही निकलने की समझाइश दी। साथ ही दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों के पालन करने की बात वाहन चालकों से कही गई । इस मौके पर यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।

