धान की रखवाली में खुद की जान गंवाई : सो रहे चौकीदार पर चढ़ गया ट्रैक्टर, चालक वाहन छोड़कर भागा

Datia news : दतिया । कभी-कभी जिंदगी की कहानी इतनी अचानक पलट जाती है कि किसी को अंदाजा तक नहीं होता। दतिया की कृषि उपज मंडी में मंगलवार दोपहर ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने सभी को सन्न कर दिया। धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब मंडी पहुंची, तो किसी ने नहीं सोचा था कि उसी ट्रैक्टर के नीचे कुछ ही मिनट बाद चौकीदार की जान चली जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे एक किसान धान की ट्रॉली लेकर मंडी पहुंचा और धान का ढेर खाली करने लगा। इस दौरान वह ट्रैक्टर को बैक कर रहा था, तभी पास में धान के ढेर के पास सो रहा चौकीदार मोहर साहू उसकी चपेट में आ गया।

देखते ही देखते ट्रॉली का पिछला पहिया उसकी छाती और गर्दन पर चढ़ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास के मजदूरों के होश उड़ गए। किसी ने चिल्लाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया।

मंडी में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में घायल मोहर साहू को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक मोहर साहू, निवासी मम्मा जू का बाग, वर्षों से मंडी में दुकान नंबर 66 के व्यापारी सोनू गुप्ता के यहां चौकीदार के रूप में काम कर रहा था।

कुछ दिन पहले ही व्यापारी ने उसे दुकान से हटाकर खरीदी के बाद बने धान के ढेरों की रखवाली की जिम्मेदारी सौंपी थी।

मंगलवार को वह हमेशा की तरह ड्यूटी पर था, लेकिन किसे पता था कि धान के ढेर के पास थोड़ी देर का आराम उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और मंडी व्यापारी सहित संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!