दतिया। जिले के बसई में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक लापरवाही पर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े का सख्त रुख देखने को मिला। सार्वजनिक नाली के अवैध निर्माण और समय पर कार्रवाई न होने को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही पटवारी को निलंबित कर दिया,
वहीं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनता से जुड़े मामलों में अब किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में उठा नाली अतिक्रमण का मामला : बुधवार को बसई के नवीन सांदीपनि विद्यालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान स्थानीय निवासी श्रेया लखेरा द्वारा अवैध नाली निर्माण को लेकर शिकायत प्रस्तुत की गई।
शिकायत में बताया गया कि नाली के गलत निर्माण के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और पूर्व में दी गई शिकायतों के बावजूद राजस्व अमले द्वारा समय पर जांच व कार्रवाई नहीं की गई।
मौके पर ही पटवारी निलंबित : मामले की प्रारंभिक जांच में शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने बसई पटवारी सत्येंद्र शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय दतिया ग्रामीण निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने पंचायत सचिव को भी भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने की सख्त हिदायत दी।
अधिकारियों को स्पष्ट संदेश : जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का काम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है।
सार्वजनिक संपत्ति पर अतिक्रमण और शिकायतों को टालने की प्रवृत्ति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।


