दतिया | दूरसड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम ककरऊआ में शुक्रवार को हुए टीकाकरण के बाद एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आशा कार्यकर्ता द्वारा लगाए गए वैक्सीन के बाद डेढ़ माह के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की तबियत बिगड़ने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में तीनों बच्चों को जिला अस्पताल दतिया में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गांव में नियमित टीकाकरण अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता द्वारा छोटे बच्चों को वैक्सीन लगाई गई थी। टीकाकरण के कुछ समय बाद ही एक बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई और परिजन उसे इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य बच्चों में भी तेज बुखार, उल्टी और कमजोरी जैसे लक्षण सामने आए, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण शिकायत लेकर दतिया कलेक्टर के बंगले पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि टीकाकरण में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती बच्चों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


