भोपाल | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शाजापुर जिले के विकास में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के विचारों और योगदान ने प्रदेश को दिशा दी है, इसलिए विकास योजनाओं में शाजापुर की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री यह बात रविवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन एवं आभार कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री निवास में हुआ अभिनंदन एवं आभार समारोह : शाजापुर जिले के जनप्रतिनिधियों, उद्योग संघों, चिकित्सक संघ, अधिवक्ता संघ, कर्मचारी संगठनों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री निवास पहुँचकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया। कार्यक्रम में बीते दो वर्षों के दौरान जिले को मिली विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए जनप्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी।
शाजापुर और शुजालपुर में शैक्षणिक संस्थानों की घोषणा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि शाजापुर में शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। साथ ही शुजालपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों में वृद्धि होगी।
औद्योगिक और आधारभूत विकास पर फोकस : मुख्यमंत्री ने कहा कि मक्सी क्षेत्र पहले से एक औद्योगिक केन्द्र रहा है और अब वहाँ विकास को नई गति दी जा रही है। शाजापुर जिले में सड़क, बायपास, मंडी और सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने रखी विकास कार्यों की जानकारी : शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने बताया कि जिले को दो प्रमुख नदी जोड़ो परियोजनाओं से लाभ मिला है। इसके अलावा आलू-प्याज मंडी, शाजापुर शहर में 4-लेन सड़क, मक्सी–मोहन बड़ौदिया बायपास तथा सोलर प्लेट निर्माण उद्योग जैसे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है।
वहीं, कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने अपने क्षेत्र में स्वीकृत सड़क परियोजनाओं और प्रारंभ हुए निर्माण कार्यों की जानकारी साझा की।


