दोस्तों का विवाद निपटाने गए नाबालिग के सीने में उतार दिया चाकू : आसपास मच गई भगदड़

Datia news : दतिया। स्थानीय स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों का वहां के किसी लड़के से विवाद गहरा गया। जब इस बात का पता उनके साथी कृष्णा यादव को लगा तो वह विवाद निपटाने के लिए वहां पहुंच गया। इसी दौरान हुई कहासुनी के बीच वहां चाकू लिए बैठे आरोपित ने कृष्णा पर हमला बोल दिया और चाकू उसके सीने में उतार दिया।

इस जानलेवा हमले में नाबालिग कृष्णा यादव पुत्र विनोद यादव निवासी पट्ठापुरा दतिया गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे अचेत अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घटना के आरोपित को पुलिस ने जल्दी ही राउंडअप करने की बात कही है।

शहर के हनुमानगढ़ी मार्ग पर राजघाट कालोनी जैसे क्षेत्र में चाकूबाजी की इस घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया। जबकि इस पूरे मार्ग पर दिन रात चहल पहल रहती है।

जिस समय घटना हुई वहां आसपास से लोग गुजर रहे थे। इसी बीच हमले करने के बाद आरोपित भाग खड़ा हुआ। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए किशोर कृष्णा को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और घायल नाबालिग के पिता विनोद यादव पेशे से किसान है। जिनकी ग्राम बिडनिया में खेती है। घटना के बाद से ही पूरा परिवार सदमे में है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर ने कृष्णा के सीने पर चाकू से दो बार वार किया था। घटना के बाद राजघाट कालोनी और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

इस तरह हुई घटना : इस घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि जानलेवा हमले में घायल कृष्णा, अपने दोस्तों का विवाद एक अहिरवार समाज के नाबालिग से हो जाने पर उन्हें लेकर राजघाट कालोनी क्षेत्र में मामला सुलझाने गया था।

इस दौरान वहां मौके पर चाकू लिए बैठे नाबालिग आरोपित ने कृष्णा के सीने पर सीधा बार किया। इसके बाद फिर से आरोपित ने जब चाकू मारने की कोशिश की तो वह मुड गया।

जिसके बाद घायल कृष्णा खून से लथपथ होकर वहीं पर गिर पड़ा। स्कूली बच्चों का यह विवाद जानलेवा बन जाएगा, ऐसा किसी ने सोचा भी नहीं था। कृष्णा के घायल होने पर उसके कुछ साथी भी मौके से भाग खड़े हुए। जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter