भारत निर्वाचन आयोग 21 से 23 जनवरी तक आईआईसीडीईएम-2026 की करेगा मेजबानी : 70 से अधिक देशों के लगभग 100 प्रतिनिधि होंगे शामिल

नई दिल्ली | भारत निर्वाचन आयोग (ECI) प्रथम भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM-2026) की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। यह तीन-दिवसीय वैश्विक सम्मेलन 21 से 23 जनवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान (IIIDEM) द्वारा किया जा रहा है।

IICDEM-2026 लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित अब तक का सबसे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन होगा।

इसमें 70 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 100 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि, विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि, भारत स्थित विदेशी मिशनों के अधिकारी, तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े शिक्षाविद और विशेषज्ञ भाग लेंगे।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी प्रतिनिधियों का स्वागत करेंगे और कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत करेंगे।

तीन दिनों के दौरान चुनाव प्रबंधन निकायों (EMB) के सामान्य एवं पूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें चुनाव प्रबंधन निकायों के नेताओं के पूर्ण सत्र, कार्य समूह बैठकें तथा वैश्विक चुनावी चुनौतियों, अंतर्राष्ट्रीय चुनावी मानकों, तकनीकी नवाचारों और सर्वोत्तम प्रक्रियाओं पर केंद्रित विषयगत सत्र शामिल होंगे।

सम्मेलन में 36 विषयगत समूह सक्रिय रूप से भाग लेंगे, जिनका नेतृत्व राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इन समूहों में 4 IIT, 6 IIM, 12 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (NLU) और IIMC सहित प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की सहभागिता रहेगी।

इसके अतिरिक्त, भारत निर्वाचन आयोग विभिन्न देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के साथ 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें आयोजित करेगा। इसी अवसर पर आयोग अपने एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINET का औपचारिक शुभारंभ भी करेगा।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter