चार मंजिल इमारत से गिरकर दतिया के फिजियोथैरेपिस्ट की मौत : मामला संदिग्ध, पुलिस बोली पीएम रिपोर्ट खोलेगी राज

Datia news : दतिया। दतिया निवासी फिजियोथैरेपिस्ट की एक चार मंजिला इमारत से गिरने के कारण जान चली गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। जिसमें पुलिस को आशंका है कि युवक ने इमारत से छलांग लगाकर जान दी है। लेकिन इस मामले में पुष्टि मृतक की पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही होने की बात कही गई है।

दतिया निवासी 29 वर्षीय फिजियोथैरेपिस्ट डा.भानु मोर की जबलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि शनिवार सुबह जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के धनवंतरी नगर स्थित यश हाइट अपार्टमेंट में की चौथी मंजिल से गिरने से डा.भानु मोर की मौत हो गई।

सूचना मिलने परपुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया गया। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और कमरे को सील कर दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि डा.भानु मोर पिछले करीब छह महीने से यश हाइट्स अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में अकेले रह रहे थे। वे मूल रूप से दतिया के निवासी थे और पढ़ाई के बाद जबलपुर में रहकर अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उनके स्वजन को सूचना दे दी है, जिनके जबलपुर पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक डा.भानु 2019 बैच के छात्र थे और उन्होंने बैचलर आफ फिजियोथैरेपी (बीपीटी) की पढ़ाई पूरी कर ली थी।

अक्टूबर 2025 में वे पास आउट हुए थे और उसके बाद से किराए के मकान में अलग रहकर प्रैक्टिस की तैयारी कर रहे थे। पुलिस आसपास के लोगों, सुरक्षा गार्ड और अपार्टमेंट में रहने वालों से भी पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

दतिया से जबलपुर पहुंचा परिवार : इस घटना के बारे में जैसे ही दतिया में मृतक के परिवार वालों को खबर मिली, वह सकते में आ गए। पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक का शव लेने के लिए परिवार के लोग जबलपुर रवाना हो गए। बताया जाता है कि पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। वहीं इस घटना को लेकर परिवार के लोग भी कुछ कह पाने की स्थिति में नजर नहीं आए।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter