Datia News : दतिया । भूता जंगल में युवती के साथ जबरदस्ती करने के बाद आरोपित उसे वहीं छोड़कर भाग निकला था। घटना रात के समय हुई, इसलिए आरोपित का पहचान नहीं हो पा रही थी।
वहीं पीड़िता का संबंध राजनीतिक परिवार से होने के कारण यह हाईप्रोफाइल मामला हो गया था। संबंधित समाज भी लगातार पुलिस पर दबाब बनाए हुए थे।
इस मामले में मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) पुलिस के लिए सबसे बड़ा सहारा बनी। इस तकनीकी आधार के जरिए आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका।
आरोपी की पहचान कमल दांगी पुत्र भज्जू दांगी, निवासी बुहारा थाना दुरसड़ा के रुप में हुई। आरोपित मामा का डेरा के पास किराए के मकान में रहता था। वह घटना के बाद गुजरात राजकोट भाग निकला था।
पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर को फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति मंदिर के पास से बाइक पर बैठाकर बहला-फुसलाकर ले गया था।
इसके बाद आरोपी ने मोहना के हनुमान मंदिर के आगे मेन रोड के पास स्थित फॉरेस्ट एरिया में ले जाकर युवती के साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया और उसकी पहचान व गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न थानों से कुल छह विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पांच सौ कैमरों को खंगालने का दावा : जांच के दौरान पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 500 से अधिक सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एकत्र किए। इन फुटेज के आधार पर रूट मैप तैयार किया गया और संभावित मार्गों पर दुकानदारों, प्रत्यक्षदर्शियों और मुखबिरों से पूछताछ की गई।
साथ ही साइबर सेल की मदद से मोबाइल सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिससे संदेही के रूप में कमल दांगी का नाम सामने आया।
राजकोट में मिली लोकेशन : पुलिस को पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार होकर गुजरात के राजकोट शहर में छिप गया था। वहां वह किसी फैक्ट्री में काम की तलाश में था, ताकि पुलिस की नजर से बचा रह सके।
लगातार निगरानी और तकनीकी ट्रेसिंग के बाद पुलिस टीम ने काफी मशक्कत करते हुए राजकोट से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए घटना के बाद फरार होने की बात भी कही।
दो बच्चों का बाप निकला आरोपी : पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन बाइक और वारदात के समय पहने गए कपड़े व जैकेट जब्त किए हैं।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। रिमांड अवधि में उससे घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मजदूरी करता है, उसके दो बच्चे हैं और उसकी पत्नी विकलांग है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। सोमवार शाम पुलिस आरोपी को शहर में पैदल लेकर निकली, जिससे लोगों में यह संदेश जाए कि अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून से बच नहीं सकता।


