दतिया। गढ़े धन के लालच में कुछ असामाजिक तत्वों ने सैकड़ों वर्ष पुराने शिव मंदिर को निशाना बनाया। गोंदन थाना क्षेत्र के ग्राम भलका स्थित प्राचीन शिव मंदिर में अज्ञात लोगों द्वारा भगवान शिव के समक्ष विराजमान नंदी की प्रतिमा को खंडित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया।
घटना सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के बाहर एकत्रित हो गए। लोगों ने इस कृत्य को धार्मिक आस्था पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर परिसर के बाहर एक सर्प घायल अवस्था में भी मिला है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इस शिवालय में नाग देवता के दर्शन होते रहे हैं और उन्हें भगवान शिव का प्रतीक मानकर पूजा जाता है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा : सूचना मिलते ही गोंदन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और क्षतिग्रस्त नंदी प्रतिमा को कब्जे में लेकर थाने ले गई। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी ने मंदिर में धन या प्राचीन वस्तुओं के होने के भ्रम में तोड़फोड़ की है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह शिव मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। वर्षों से यहां नियमित पूजा-अर्चना होती आ रही है और आसपास के कई गांवों के श्रद्धालु विशेष अवसरों पर दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं।
घटना के बाद गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।


