Datia news : दतिया। टोल प्लाजा के पास ट्रैक्टर सवार युवक के सामने से आ रही लोडिंग वाहन की चपेट में आ जाने जान चली गई। घटना उस समय घटित हुई जब दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे।
इसी दौरान ट्रैक्टर की भिडंत लोडिंग वाहन से हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने से उस पर बैठा युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा और लोडिंग वाहन की चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
चिरुला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में रविंद्र सेन निवासी बड़ौनी की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर गलत दिशा से आ रहा था, जबकि सामने से लोडिंग वाहन अपनी लेन में चल रहा था।
अचानक हुई इस टक्कर में ट्रैक्टर पर सवार व्यक्ति रविंद्र सेन निवासी बड़ौनी का संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा और उसी दौरान लोडिंग वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
टोल कर्मचारियों ने की मदद : हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों और टोल प्लाजा कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद की। घायलों को टोल प्लाजा पर मौजूद एंबुलेंस की सहायता से तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डाक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाया : सूचना मिलते ही चिरुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में गलत दिशा से ट्रैक्टर आने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।


