डबरा : नवग्रह शक्तिपीठ में चल रहे प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को शिवपुराण कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचे। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के श्रीमुख से जैसे ही कथा का प्रारंभ हुआ, पूरा परिसर शिवभक्ति में डूब गया। विशाल पंडाल निर्धारित समय से पहले ही खचाखच भर गया और चारों ओर “हर हर महादेव” व “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
पूजन-अनुष्ठान के साथ हुआ कार्यक्रम का आरंभ : कथा प्रारंभ होने से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार, नवग्रह पूजन और कलश स्थापना के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित कई संत-महात्मा एवं धर्माचार्य उपस्थित रहे।
शिव महिमा पर केंद्रित कथा : कथा वाचन के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा, भक्ति के महत्व और जीवन में संतुलन व धर्म के मार्ग पर चलने की बात कही। उन्होंने नवग्रहों के आध्यात्मिक प्रभाव और मानव जीवन से उनके संबंधों पर भी विचार साझा किए ।
श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी : डबरा सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बुधवार को कथा सुनने पहुंचे। विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन स्थल पर भक्ति का विशेष वातावरण नजर आया।
देवकीनंदन ठाकुर का बयान : कथा में शामिल हुए देवकीनंदन ठाकुर ने मीडिया से चर्चा में कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन परंपरा से समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि नवग्रह शक्तिपीठ पर आयोजित यह महोत्सव क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण को नई ऊर्जा दे रहा है। उन्होंने डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से डबरा की धरती पर एक बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र आकार ले रहा है।
20 फरवरी तक चलेगा धर्मकुंभ और कथा आयोजन : नवग्रह शक्ति पीठ प्राण-प्रतिष्ठा एवं धर्मकुंभ 10 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक चलेगा। 11 से 13 फरवरी तक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा, 14 से 16 फरवरी तक कुमार विश्वास की कथा और 17 से 20 फरवरी तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा होगी। रात्रिकालीन समय में वृंदावन की सर्वेश्वर लीला समिति द्वारा रासलीला का मंचन भी किया जाएगा।


