Datia news : दतिया। मुख्यमंत्री के रुप में डा.मोहन यादव पहली बार सेवढ़ा आएंगे। सिंध पर बने 39 करोड़ के पुल के उद्घाटन को लेकर उनका 21 फरवरी को दौरा संभावित है।
उनके आगमन की तिथि निर्धारण को अधिकारिक रुप से कोई पुष्टि प्रशासन की ओर नहीं की गई है। लेकिन सीएम के सेवढ़ा आगमन को लेकर जरुर हरी झंडी मिल गई है।
सीएम के दौरे को लेकर सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल ने भी निर्धारित स्थलों का जायजा लिया। वहीं कलेक्टर भी अमले के साथ व्यवस्थाओं को देखने पहुंचे।
पुल के फिनिशिंग आदि कार्य को पूरा करने के लिए कलेक्टर ने पांच दिन का समय दिया है। इस बीच पुल पूरी तरह तैयार कर लेने की हिदायत संबंधितों को दी गई है। यह सभी तैयारियां पुल के उद्घाटन को लेकर की जा रही हैं। जिसमें सीएम डा.मोहन यादव के आने की संभावना है।
बुधवार को कलेक्टर स्वप्निल वानखडे व एसपी सूरज कुमार वर्मा प्रशासनिक अमले के साथ सिंध नदी पर बन रहे पुल के काम का जायजा लेने पहुंचे।
कलेक्टर के मुताबिक पुल के उद्घाटन के लिए सीएम यादव का सेवढ़ा दौरा 21 फरवरी को संभावित हैं। ऐसे में वहां सभी तैयारियां समय रहते पूरी कराई जाना है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि फिलहाल कार्यक्रम की तिथि औपचारिक रूप से अंतिम नहीं हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सभी जरुरी व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण किया जा रहा है।
हेलीपैड की व्यवस्था देखी : निरीक्षण की शुरुआत अधिकारियों ने बरहा रोड स्थित हेलीपैड से की गई। यहां कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के उड़न खटोले की लैंडिंग व्यवस्था को लेकर समतलीकरण, पहुंच मार्ग, टेंट, कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था तथा पार्किंग को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
साथ ही सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर सहित अधिकारियों का दल कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए मंच निर्माण, सभा स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, वीआईपी एंट्री प्वाइंट तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर ने एसडीएम एवं एसडीओपी को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक अमला निर्माणाधीन पुल स्थल पर पहुंचा।


