डबरा। नवग्रह शक्ति पीठ में चल रहे भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत शिवपुराण कथा के दूसरे दिन पूरा नगर शिवभक्ति और आस्था के सागर में डूबा नजर आया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब आयोजन स्थल की ओर उमड़ पड़ा और कुछ ही घंटों में विशाल पंडाल खचाखच भर गया। ग्वालियर-चंबल अंचल ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लाखों श्रद्धालु पूरे दिन कथा श्रवण में लीन रहे।
पूर्व जन्मों के कर्म बनते हैं वर्तमान दुखों का कारण : कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने प्रवचन में पूर्व कर्मों, जीवन में आने वाले दुखों और उनसे मुक्ति के आध्यात्मिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कई बार वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल होने के बावजूद व्यक्ति तनाव, पीड़ा और परेशानियों से घिरा रहता है, जिसका मूल कारण उसके पूर्व जन्मों के कर्म होते हैं। कर्मों का सिद्धांत अटल है और हर व्यक्ति को अपने किए गए कर्मों का फल किसी न किसी रूप में अवश्य भोगना पड़ता है। मनुष्य को सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए और जीवन में महादेव की शरण में रहकर सही मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए।
शिवकथा आत्मशुद्धि की चक्की है : कथा के दौरान पंडित मिश्रा ने भावपूर्ण उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे गेहूं को आटा बनने के लिए चक्की से गुजरना पड़ता है, उसी प्रकार पुराने कर्मों से मुक्ति पाने के लिए शिवपुराण कथा का श्रवण आवश्यक है। उनके शब्दों में, शिवकथा वह आध्यात्मिक चक्की है जहां आत्मा शुद्ध होती है और जीवन के बोझ धीरे-धीरे कटते चले जाते हैं.
पूरे डबरा में दिखा भक्ति और सेवा का माहौल : डॉ. नरोत्तम मिश्रा
कथा के प्रारंभ अवसर पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि शिवपुराण कथा के दौरान जिस तरह की विशाल भीड़ डबरा में उमड़ी है, वह अपने आप में एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही है। । उन्होंने कहा कि शहर का हर कोना भक्तिमय ऊर्जा से भरा हुआ दिखाई दे रहा है । डॉ. मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन के साथ ही डबरा भक्ति और सेवा का केंद्र बन गया है, जहां लोग अपने घरों में स्वयं विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार कर श्रद्धालुओं का स्वागत कर रहे हैं। जगह-जगह भंडारे, ठहरने की व्यवस्थाएं और सेवाभाव से जुड़ी गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, जो इस महोत्सव को एक व्यापक सामूहिक उत्सव का रूप दे रही हैं।
संतों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति : कार्यक्रम में नरोत्तम मिश्रा सहित अनेक संत और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। संत दंदरौआ सरकार रामदास महाराज, संत चूना खो सरकार सेबानंद महाराज, महामंडलेश्वर सोमनाथ महाराज और संत उदयानंद महाराज की उपस्थिति में मंच पर विशेष पूजन भी किया गया।
पीठ पूजन में पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, डबरा विधायक सुरेश राजे, वेद प्रकाश, रघुनाथ तिवारी, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र रावत सहित कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि शामिल रहे। ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट और चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहलवार भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया दर्शन : प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान गुना-शिवपुरी क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी नवग्रह शक्ति पीठ पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मंदिर परिसर और आयोजन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा आध्यात्मिक गतिविधियों में सहभागिता की।
इस अवसर पर सिंधिया ने आयोजन से जुड़े प्रयासों का उल्लेख करते हुए नरोत्तम मिश्रा की भूमिका की चर्चा की और कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक केंद्र ग्वालियर संभाग में धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया आयाम देते हैं. सिंधिया ने मंदिर परिसर से जुड़ी तस्वीरें अपने सोशल मीडिया पर भी साझा कीं, जिसमें वे दर्शन करते नजर आए।


