डबरा । नवग्रह शक्ति पीठ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के सातवें दिन पंडित धीरेंद्र शास्त्री (बागेश्वर धाम) के श्रीमुख से पवनपुत्र हनुमान कथा का शुभारंभ हुआ, जहाँ लाखों की तादाद में श्रद्धालु हनुमान कथा सुनने पहुंचे। इसी अवसर पर उन्होंने मंच से भावुक होकर कहा, “सच यही है कि भगवान हर शुभ कार्य के लिए अपने किसी विशेष भक्त को चुनते हैं।

डॉ. नरोत्तम मिश्र ऐसे ही विशेष जन हैं, जिनके प्रयासों से यह अद्भुत नवग्रह शक्तिपीठ साकार हुआ है। उनके प्रयासों से तो डबरा के भाग्य ही खुल गए हैं।” उनके इन शब्दों पर पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने जयघोष और तालियों से वातावरण को और भी ऊर्जावान बना दिया।
“हनुमान जी के चरण पकड़ लो, राम अपने आप मिल जाएंगे” : कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भक्तों को हनुमान भक्ति का रहस्य समझाते हुए कहा, “अगर कोई हनुमान जी के चरणों में समर्पित हो जाए तो उसे राम को खोजने की जरूरत नहीं पड़ती। हनुमान जी स्वयं राम से मिलाने का कार्य कर देते हैं।”
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे दांत दर्द की दवा से दर्द का अहसास समाप्त हो जाता है, वैसे ही हनुमान भक्ति से जीवन के कष्ट मिट जाते हैं।
लोगों के कर्म काले हैं और स्टेटस भगवान वाले हैं : अपने प्रवचन में उन्होंने आज के समाज पर भी गहरी टिप्पणी करते हुए कहा, “आज कई लोगों के कर्म काले हैं और स्टेटस भगवान वाले। ऐसी भक्ति किसी काम की नहीं। हनुमान जी चित्र से नहीं, चरित्र से प्रसन्न होते हैं।” उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सच्ची भक्ति दिखावे से नहीं, बल्कि अपने आचरण और व्यवहार से प्रकट होती है।
खुश रहना ही असली सफलता : कथा के दौरान उन्होंने जीवन का एक सरल लेकिन प्रभावशाली सूत्र भी दिया— “कामयाब इंसान खुश हो या न हो यह जरूरी नहीं, लेकिन जो इंसान खुश रहता है, वही वास्तव में कामयाब होता है।”

उन्होंने डबरा की जीवंतता और यहां के लोगों की सहज मुस्कान की भी प्रशंसा की और कहा कि यही सकारात्मक ऊर्जा उन्हें आगे बढ़ाती है।
19 को दरबार, 20 तक डबरा में प्रवास : पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने श्रद्धालुओं को जानकारी दी कि वे 20 तारीख की सुबह तक डबरा में ही रहेंगे। उन्होंने बताया कि 19 तारीख को विशेष दरबार लगाया जाएगा और उसी शाम भव्य हनुमान कथा भी होगी, जिसमें श्रद्धालु अपनी समस्याएं, अरजी और श्रद्धा के साथ शामिल हो सकेंगे।
डबरा नव गृह शक्ति पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के सातवें दिन वृंदावन के संत डॉ. श्यामसुंदर पाराशर महाराज ,एमपी सरकार के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ,भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह लखन पटेल ,पूर्व मंत्री राम निवास रावत भी शामिल हुए।


