हर खेत तक पानी का संकल्प, एक लाख करोड़ के बजट से कृषि पर फोकस : सागर में फूड पार्क और स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की घोषणा

भोपाल/सागर :  मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सागर जिले के गढ़ाकोटा में आयोजित 218वें रहस मेले में विकास और किसान कल्याण से जुड़े कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर खेत तक सिंचाई सुविधा पहुंचे और किसानों की आय बढ़े। वर्ष 2026-27 के बजट में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि कृषि और किसान कल्याण के लिए प्रस्तावित की गई है।

मुख्यमंत्री ने रहली क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए फूड पार्क स्थापित करने की घोषणा की। उनका कहना था कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और किसानों को अपनी उपज के प्रसंस्करण व विपणन के बेहतर विकल्प मिल सकेंगे।


32 लाख से अधिक हितग्राहियों को राशि अंतरित : कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 32.78 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 196.72 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। योजना के अंतर्गत प्रति हितग्राही प्रतिमाह 600 रुपये की सहायता दी जाती है।


फ्लाईओवर, मंडी उन्नयन और सड़क विकास : मुख्यमंत्री ने खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर निर्माण को स्वीकृति दी। रहली और गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडी के उन्नयन के लिए 5-5 करोड़ रुपये तथा शाहपुर उपमंडी के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अलावा रहली रमखरिया-सिमरिया नायक-बहेरिया मढ़ी मार्ग (करीब 22 किलोमीटर) के चौड़ीकरण और उन्नयन की भी घोषणा की गई।


बीड़ी और तेंदूपत्ता से जुड़े श्रमिकों पर ध्यान : उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण बड़ी संख्या में परिवारों की आजीविका का आधार है। इनसे जुड़े श्रमिकों और कुटीर उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों की एक समिति बनाकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।


खेल और शिक्षा क्षेत्र में नई घोषणाएं : गढ़ाकोटा और रहली में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाए जाएंगे। ढाना के शासकीय महाविद्यालय में वाणिज्य और इतिहास विषय की कक्षाएं शुरू करने को मंजूरी दी गई है। विद्यार्थियों को गणवेश, पुस्तकें और साइकिलें उपलब्ध कराने की योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।


सिंचाई विस्तार पर जोर : सोनार नदी के माध्यम से सिंचाई क्षेत्र बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करने का लक्ष्य रखा गया है, साथ ही पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter