न्यायिक अधिकारी की कार के सामने बाइक अड़ाकर युवक ने किया हंगामा : कांच पर मुक्के मारकर दी धमकी, पुलिस ने शुरू की तलाश

दतिया। भांडेर तहसील कार्यालय के सामने सोमवार शाम एक अप्रत्याशित घटना सामने आई, जब एक युवक ने न्यायिक अधिकारी की कार के सामने अचानक बाइक खड़ी कर दी। उस समय अधिकारी न्यायालयीन कार्य समाप्त कर अपने शासकीय आवास की ओर लौट रहे थे। घटना करीब शाम 5:45 बजे की बताई जा रही है।

अचानक रोका रास्ता : मिली जानकारी के अनुसार कार चालक गोलू शर्मा वाहन चला रहे थे। उनके साथ एक न्यायिक कर्मचारी भी मौजूद थे। जैसे ही कार तहसील कार्यालय के पास पहुंची, एक बाइक सवार युवक ने आगे आकर वाहन रोकने की स्थिति बना दी। चालक ने बताया कि सड़क संकरी होने के कारण वाहन को तत्काल रोकना पड़ा।

 चालक द्वारा युवक से रास्ता खाली करने का अनुरोध किया गया, लेकिन इस पर वह भड़क उठा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने ऊंची आवाज में बहस शुरू कर दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विवाद के दौरान उसने गुस्से में कार के शीशे पर हाथ से प्रहार भी किया, जिससे आसपास मौजूद लोग चौंक गए।

युवक फरार : हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति को देखते हुए युवक ने कथित रूप से धमकी दी और तुरंत बाइक लेकर वहां से निकल गया। घटना कुछ ही मिनटों की थी, लेकिन इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जांच में जुटी पुलिस : मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि युवक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत सहयोग करें।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter