दतिया : जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के कथित प्रेम संबंधों के शक में पति ने गुस्से में आकर लाठी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास बैठा रहा। सुबह बच्चों के शोर मचाने पर वह घर से निकल गया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर बाद उसे बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद : जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सेवढ़ा रोड स्थित एक आदिवासी डेरे में गुरुवार रात पति-पत्नी घर में साथ बैठे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पति ने पास में रखी लाठी से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
डरकर पड़ोसी के घर सोने चले गए बच्चे : बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान दंपति के दोनों बेटे डर गए और पास ही रहने वाले पड़ोसी के घर जाकर सो गए। शुक्रवार सुबह जब वे घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा, जबकि उनका पिता पास ही लाठी लेकर बैठा था।
बच्चों के शोर पर आरोपी घर से निकला : बच्चों के रोने और शोर मचाने पर आरोपी ने उनसे कहा कि वह थाने जा रहा है और वहां से निकल गया। इसके बाद डेरे में रहने वाले लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
बस स्टैंड से पुलिस ने किया गिरफ्तार : सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे बस स्टैंड के पास से पकड़ लिया।
प्रेम संबंध के शक में की हत्या : पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था। इसी कारण गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आशा आदिवासी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी कालीचरण आदिवासी मजदूरी करता है।
पत्नी के प्रेमी को भी मारने की बना रहा था योजना : पुलिस द्वारा बस स्टैंड से पकड़े जाने के बाद जब आरोपी कालीचरण से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद वह उसके कथित प्रेमी को भी मारने की योजना बना चुका था। इसी उद्देश्य से वह शिवपुरी जिले के पिछोर जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचा था, जहां से आगे रवाना होने वाला था।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि उसकी पत्नी पहले भी कई बार घर छोड़कर चली गई थी। इस बात को लेकर उसने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं बदली। बाद में जब उसे पत्नी के कथित प्रेम संबंधों के बारे में पता चला तो वह बेहद आक्रोशित हो गया। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर उसने लाठी से पत्नी पर कई वार कर दिए। सिर और कनपटी पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


